-आक्रोशित महिलाओं की दारोगा से तीखी बहस

-कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे अधिकारी

sheeshgarh : थाना क्षेत्र में पुलिस ने कांवडि़यों को डीजे बजाने से मना कर दिया, जिससे कांवडि़ये भड़क उठे। गुस्साए कांवडि़ये और ग्रामीण शीशगढ़-धनेटा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस द्वारा सख्ती दिखाने पर कांवडि़यों के परिवार की महिलाएं एक दारोगा और सिपाही से भिड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। गुस्साए कांवडि़ये पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अधिकारियों ने किसी तरह कांवडि़यों को शांत कर जाम खुलवाया।

दो घंटे चला हंगामा

कस्बे के करीब 80 कांवडि़यों का जत्था हरिद्वार से जल लेकर सोमवार को शीशगढ़ आ रहे थे। कांवडि़यों ने गांव सहोड़ा में रविवार रात्रि विश्राम किया और सोमवार सुबह सहोड़ा से शीशगढ़ के लिए रवाना हो गए। कांवडि़यों की गाडि़यों में डीजे बज रहा था। इस दौरान एसओ अनिल सिरोही ने डीजे बंद करा दिया और कांवडि़यों की गाडि़यों में एक-एक सिपाही को बैठा दिया। शीशगढ़ के पास ग्राम गिरधरपुर में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं-पुरुष कांवडि़यों के स्वागत के लिए खड़े थे। गिरधरपुर पहुंचते ही कांवडि़ये डीजे बजाने के लिए अड़ गए। पुलिस के विरोध करने पर कांवडि़यों का गुस्सा भड़क उठा। इस दौरान कांवडि़यों के परिवार की महिलाएं एक दारोगा पर टूट पड़ीं। इसके बाद डीजे बजाने की को लेकर कांवडि़यों ने शीशगढ़-धनेटा मार्ग पर जाम लगा दिया.सुचना मिलते ही मीरगंज तहसीलदार एके उपाध्याय, नायब तहसीलदार विनय मिश्रा, सीओ बहेड़ी अमर सिंह, एसओ शेरगढ़ अशोक सोलंकी, एसओ देवरनियां ओमहरि वाजपेई पुलिस बल के साथ पहुंच गए। इस दौरान अधिकारियों और कांवडि़यों में झड़प हो गई। अधिकारी के समझाने पर किसी तरह कांवडि़ये शांत हुए। लगभग दो घंटे बाद जाम खुलवाया गया।