- मंदिरों में सुबह से देर रात तक लगी रही भक्तों की भीड़

- शिवभक्तों ने चढ़ाई कांवड़

आगरा। सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में भक्ति का सावन बरसा। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं पहुंचने लगे। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए किसी ने रुद्राभिषेक किया तो कोई दुग्धाभिषेक करते दिखा। शहर के चार प्रमुख महादेव मंदिरों के साथ ही शहर के शिवालयों पर शिव भक्तों की बड़ी संख्या में भीड़ लगी दिखी।

सावन के पहले सोमवार को बल्केश्वर महादेव, राजेश्वर महादेव, कैलाश महादेव और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहित मनकामेश्वर और रावली मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का लाइन लगनी शुरू हो गई। श्रद्धालु सुबह चार बजे से ही मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचना शुरू हो गए। व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं को लाइन से पूजा कराई गई। सुबह छह बजे से शुरू हुई लाइन दोपहर बाद तक लगी रही। श्रद्धालु अपनी थाली में बेल पत्र, धतूरा, भांग आदि लेकर भगवान शिव का भोग लगा रहे थे। शिवालयों में बम-बम भोले के नारे भी गुंजायमान हो रहे थे। सोमवार को शहर शिवमय नजर आया।

राजेश्वर मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन के पहले सोमवार को राजपुर चुंगी स्थित राजेश्वर महादेव मंदिर में प्रसिद्ध मेला लगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। लोगों ने महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के बाद मेले का आनंद उठाया। मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए सौ से अधिक झूले लगाए गए। शहर और दूर-दराज के लोगों ने मेले में पहुंच इसका आनंद उठाया। महिलाओं ने मेले में गृहस्थी के सामान की खरीदारी की।

शिवालयों के बाहर लगे भंडारे

शहर के सभी शिवालयों के बाहर भंड़ारे का आयोजन किया गया। इन भंडारों में पूड़ी सब्जी, छोले चावल, राजमा चावल, पानी के पाउच तक बांटे गए। राजेश्वर महादेव मार्ग पर कई संस्थाओं ने शिव भक्तों को भंडारे खिलाए।