-कोरांव, कौंधियारा और हंडिया में हुई घटनाएं

-अब तक छह लोगों की हो चुकी है मौत

PRAYAGRAJ: लगातार हो रही बरसात लोगों के लिए आफत साबित हो रही है। भारी बरसात के चलते शनिवार को अलग-अलग इलाकों में तीन लोगों की जान चली गई। कोरांव में एक कच्चा मकान गिर गया। इसके मलबे में दबने से भगवत प्रसाद तिवारी (85) की मौत हो गई। वहीं कौंधियारा में आकाशीय बिजली की चपेट में आई रीता देवी (35) ने दम तोड़ दिया। उधर हंडिया में घर के सामने हैंडपम्प पर नहा रही पुष्पा देवी (35) के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी भी मौत हो गई। तीनों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया। वृद्ध की पत्नी ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। जबकि दो अन्य महिलाओं के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। इसके पहले भी बारिश में गिरे मकान के मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह बारिश व खराब मौसम की वजह से मरने वालों की संख्या छह हो गई है।

मौत-1

बारिश की वजह से शनिवार रात करीब 11.30 बजे कोरांव के बड़ोखर गांव निवासी भगवत प्रसाद तिवारी का मकान ढह गया। मलबे में दबने से भगवत प्रसाद की मौत हो गई। जबकि घर के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। भगवत की पत्नी गुलाब कली ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। भगवत प्रसाद के पांच बच्चे हैं।

मौत-2

इसी तरह कौंधियारा क्षेत्र के बड़हा निवासी रीता देवी पत्‍‌नी अमर नाथ भारतीया शनिवार शाम खेत में काम कर रही थी। बताते हैं कि रीता देवी अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। इससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

मौत-3

उधर हंडिया के धोबहा गांव निवासी अशोक कुमार की पत्‍‌नी पुष्पा देवी रविवार सुबह घर के सामने हैंडपम्प पर स्नान कर रही थी। हल्की-हल्की हो रही बारिश की वजह से हैंडपम्प के पास स्थित महुआ का विशाल वृक्ष महिला के ऊपर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबने से पुष्पा की भी मौत हो गई।