-दोस्तों को वीडियो बनाने के लिए बोलकर नदी में कूदे युवक की मौत

PRAYAGRAJ: मोबाइल का चस्का युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। उफनाई गंगा में स्टंट का वीडियो बनवाने की मंशा से पहुंचे युवक को इसकी कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। अरैल घाट पर रविवार को हुई इस घटना में 16 वर्षीय चंदन की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव निकालवाया। इस दौरान खबर पाकर घाट पर पहुंचे घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल था।

डूबते देख भाग निकले दोस्त

नैनी के तिगनौता निवासी सुरेश पटेल का बेटा चंदन रविवार को साइकिल से दो दोस्तों संग अरैल घाट आया हुआ था। घाट पर साइकिल खड़ी करने के बाद उसने अपने कपड़े भी वहीं रख दिए। इसके बाद सभी युवक गंगा में स्नान करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थोड़ी देर के बाद चंदन ने दोस्तों को मोबाइल से वीडियो बनाने के लिए कहा। उसके दोस्त मोबाइल लेकर रेडी हुए तो वह गंगा में स्टंट करने लगा। स्टंट करते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया। जब काफी देर तक वह नहीं निकला तो उसके दोस्त मौके से भाग निकले। यह सब देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जब तक नाविक कुछ करते वह आंखों से ओझल हो चुका था।

क्लास नाइंस का था स्टूडेंट

खबर मिलते ही नैनी पुलिस भी घाट पर पहुंची गई। करीब दो तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोर व नाविकों की मदद से पुलिस ने उसके शव को बरामद कर लिया। देर रात उसकी पहचान हुई। जानकारी के मुताबिक चंदन महेवा स्थित हिन्दी विद्यापीठ में कक्षा नौ का छात्र था। बताते हैं कि वे पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता सुरेश छोटा-मोटा व्यापार कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की खबर पाकर अरैल पहुंचे परिजनों गम में डूबे हुए थे।

बॉक्स

गाय को लौटाने में खुद चला गया

दूसरी घटना धूमनगंज क्षेत्र के नीवां क्षेत्र स्थित यमुना नदी में हुई। नीवां एरिया के यादव पुरवा निवासी दिलखुश यादव पुत्र सोहन लाल यादव रविवार दोपहर कछार की तरफ मवेशियों को चराने गया था। बताते हैं कि उसकी गाय यमुना नदी में तैरते हुए काफी दूर तक चली गई थी। वह गाय को यमुना नदी में उतर कर वापस लौटाने की कोशिश कर रहा था। अचानक गहरे पानी में जाने से दिलखुश डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व गोताखोरों ने घंटे बार उसके शव को बरामद किया।

-बॉक्स

रहें सावधान, वरना चली जाएगी जान

मोबाइल से वीडियो बनाने का ट्रेंड जानलेवा हो चुका है। सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लायक वीडियो बनाने के चक्कर में युवा अपनी जान दांव पर लगा दे रहे हैं। कभी ट्रेन के सामने तो कभी सड़क के किनारे सेल्फी लेने या वीडियो बनाने में अक्सर लोग खतरे की जद में आ जाते हैं। ऐसे में पैरेंट्स को और ज्यादा अलर्ट होने की जरूरत है।