- अंतरराष्ट्रीय मार्केट में करीब 30 लाख रुपये शंख की आंकी गई है कीमत

PRAYAGRAJ: वर्षो पुरानी अष्टधातु की बेशकीमती शंख का सौदा करने जा रहे दो शातिर बुधवार भोर पुलिस के हत्थे चढ़ गये। घूरपुर स्थित गौहनिया ओवर ब्रिज के पास से पकड़े गए अभियुक्त मध्य प्रदेश रीवां के हैं। दोनों प्रयागराज शहर में शंख को बेचने के लिए आ रहे थे। अब पुलिस इनसे जुड़े हुए लोगों की टोह में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक शंख का निर्माण कई तरह की धातु के प्रयोग किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। माना जा रहा है कि दोनों पुरानी मंदिरों से अष्टधातु की मूर्तियों को चुराने वाले गैंग के सदस्य हैं।

दोनों के संपर्क की जांच शुरू

एसएसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी ने इस बरामदगी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि घूरपुर वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज सिंह व उप निरीक्षक अनुज कुमार भारती एवं एचसीपी राज कुमार सिंह आदि भोर में गश्त पर थे। इस बीच खबर आई कि गौहनिया ओवरब्रिज के पास दो संदिग्ध बेशकीमती धातु लेकर जा रहे हैं। पुलिस ब्रिज के पास एक्टिव हो गई। इस बीच दो शख्स पल्सर बाइक से नकाब बांधे चले आ रहे थे। उन्हें रोकने की कोशिश की गयी तो वह भागने लगे। कुछ दूर पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम अमित कुमार शुक्ला व दूसरे ने राहुल कुमार सोनी निवासीगण खटखरी थाना शाहपुर रीवां मध्य प्रदेश बताया। तलाशी में उनके पास से जो शंख बरामद हुई वह मिश्रित धातु से निर्मित और वर्षो पुरानी लग रही है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि शंख अष्टधातु की है। शंख के ऊपर शाप, देवी देवताओं की बेहतरीन आकृतियां बनी हुई हैं। ऊपरी हिस्से में कुछ लिखे हुए हैं, लेकिन लिखावट की भाषा अलग है। बताया गया कि परीक्षण के बाद ही आगे कुछ बताया जा सकता है।