- आगरा जोन की क्राइम समीक्षा करने पहुंचे डीजीपी बोले यूपी में अब कानून का राज

आगरा: सूबे के डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने कहा है कि अब यूपी में कानून का राज है। इसीलिए बदमाश जमानत निरस्त कराके जेल में जा रहे हैं। आगरा में कानून व्यवस्था की समीक्षा करने आए डीजीपी ने संडे को 11 माह की पुलिसिंग में उपलब्धियां गिनाई। खुद ही अपनी पीठ थपथपाते हुए पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों से लेकर गिरफ्तारी तक के आंकड़े बताए। उन्होंने ये भी कहा यूपी पुलिस की छवि में सुधार आ रहा है।

नमाज का समय बढ़वाया

पुलिस लाइन पर प्रेस कांफ्रेंस में डीजीपी ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। समूचे प्रदेश में 11 महीने के अंदर अपराधियों पर सख्त प्रहार किया है। इससे पहले उन्होंने होली के त्योहार के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका था जब होली पर घटनाएं कम हुई। वर्ष 2016 में 97 घटनाएं हुई और 2017 में 59 घटनाएं हुई थीं। मगर, इस बार केवल 14 घटनाएं सामने आई हैं, इनमें भी किसी की मौत नहीं हुई। इस बार हमने स्ट्रेटजी बदली थी। पीस कमेटी की बैठक कराई। उलेमाओं से बातचीत की गई। जुमा की नमाज का समय आगे बढ़ाया।

स्ट्रेटजी को बदला गया

जिलों के कप्तान के साथ-साथ डीआईजी से लेकर एडीजी स्तर के अधिकारी होली के दिन भ्रमणशील रहे। यह अच्छी पुलिसिंग का ही रिजल्ट है। इसी तरह आगे भी त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाने को हमारी यही स्ट्रेटजी रहेगी। उन्होंने ये भी कहा कि 20 मार्च 2017 से 21 जनवरी 2018 तक पूरे प्रदेश से 5409 अपराधी जमानत निरस्त कराके जेल जा चुके हैं। इससे निर्दोषों को राहत और समाज में सुरक्षा की भावना पैदा हुई है।

अफसरों को भी कसा

डीजीपी ओमप्रकाश ने रविवार को पुलिस लाइन में जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए कुछ निर्देश दिए।