स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के पहले दिन जिले की टीमों ने किया शानदार प्रदर्शन

ALLAHABAD: सालों बाद जिले को स्टेट लेवल एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका मिला। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए जिले के स्कूलों के खिलाडि़यों ने भी जमकर पसीना बहाया और पहले दिन दबदबा बनाए रखा। पहले दिन छह खेलों में जिले के स्कूलों की टीमों के खिलाडि़यों ने शानदार प्रर्दशन किया। बालक और बालिका दोनों ही वर्ग में खिलाडि़यों ने अपनी मेहनत के दम पर शानदार प्रदर्शन करके सफलता हासिल की।

बालिकाओं ने किया जीत से आगाज

मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में स्टेट लेवल एथलीट प्रतियोगिताओं की शुरुआत चीफ गेस्ट डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने किया। सबसे पहले 1500 मीटर बालक अंडर 17 दौड़ प्रतियोगिता हुई। इसमें कानपुर मंडल के उत्तम यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसमें जिले को कोई स्थान नहीं हासिल हुआ। 1500 मीटर बालिका अंडर 19 दौड़ प्रतियोगिता के बाद तस्वीर बदलनी शुरू हुई। इसमें इलाहाबाद की अंजली पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद अंडर 14 लंबी कूद बालक वर्ग में जिले के मो। मासूक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर भी इलाहाबाद के विरेन्द्र सरोज ने लंबी कूद में द्वितीय स्थान हासिल किया। शाट पुट बालक अंडर 19 में भी इलाहाबाद के खिलाड़ी सत्येन्द्र पाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। हाई जंप अंडर 17 बालक वर्ग में मेरठ के विनीत मलिक को प्रथम और इलाहाबाद के अनुज बिन्द को दूसरा स्थान मिला। शाट पुट बालिका अंडर 19 में फैजाबाद की अंतिमा ने प्रथम स्थान हासिल किया। पहले दिन जिले के खिलाडि़यों के प्रदर्शन की बदौलत इलाहाबाद टाप पर रहा।