- छोटी दीपावली पर रोशनी से नहा उठा शहर

- घरों की देहरी पर यम के नाम के जलाये गये दिये

VARANASI

ज्योति पर्व दीपावली की असली रंगत तो रविवार को देखने को मिलेगी लेकिन शनिवार को छोटी दीपावली पर भी शहर रोशनी से नहाया नजर आया। हनुमत् जयंती और काली पूजा के उत्साह ने लोगों की उमंगों को और भी बढ़ा दिया। जगमग झालरों से निकल रही रोशनी अंधेरे को मात देती दिखी। घरों की देहरी पर यम के नाम के दीपक जलाये गये। कुल मिला कर कहें तो दीपावली के एक दिन पहले पूरा शहर त्योहारी रंगत में रंगा हुआ दिखा। दीये कंदील से लेकर रंग-बिरंगे झालर, फूल, पूजन सामग्री आदि चीजों की खरीदारी जोर शोर से जारी रही। दीपावली को खास बनाने के लिए मार्केट भी पूरी तरह से तैयार था। जिधर देखो उधर ही रोशनी की रंगीनियां बिखरी नजर आयी।

जय जय जय बजरंगबली

भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त बजरंगबली की जयंती कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी पर शनिवार को श्रद्धालुओं का उल्लास अपने आराध्य के दर्शन के लिए देखते ही बना। भोर से हनुमत् दर्शन का क्रम शुरू हुआ जो रात तक चला। संकट मोचन मंदिर में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। महंत प्रो। विश्वम्भरनाथ मिश्र ने पूजन अनुष्ठान किया। भक्तों ने भजन-कीर्तन गाए। आरती के बाद पट खुले और परिसर रामभक्त हनुमान की जयकार से गूंज उठा। अर्दलीबाजार स्थित महावीर मंदिर में पूजन अनुष्ठान हुआ। चेत सिंह किला स्थित दक्षिणमुखी छोटे हनुमान मंदिर में अंजनीपुत्र का पूजन अर्चन किया गया। बनकटी हनुमान मंदिर, बड़े हनुमान मंदिर पांडेयपुर समेत शहर के विभिन्न हनुमत मंदिरों में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ता रहा।

मां काली का भी लिया आशीर्वाद

भक्तों ने काली पूजा का भी आयोजन किया और मां से आशीर्वाद प्राप्त किया। देवनाथपुरा स्थित नवसंघ सांस्कृतिक समिति की ओर से काली प्रतिमा की स्थापना की गयी। रात में मां का आह्वान किया गया। भक्तों ने विधिपूर्वक मां की पूजा की। मां काली के जयघोष से पूरा इलाका गुंजित हो उठा। सोनारपुरा स्थित अन्य परपंरागत जगहों पर भी मां की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की गयी।