सपा की साइकिल रैली ने मुख्यालय पर किया कब्जा

नियमों की जमकर उड़ी धज्जियां, देखती रही पुलिस

VARANASI

'जिसकी लाठी उसी की भैंस' यह कहावत आपने तो जरूर सुनी होगी। इसकी बानगी देखने को मिली डिस्ट्रिक्ट हेडक्वॉर्टर पर। यहां पर समाजवादी पार्टी की ओर से साइकिल रैली पहुंची थी और नियम कानून को ताख पर रखते हुए डीजे के साथ। पुलिस हेडक्वॉर्टर के बाहर मौजूद पुलिस वाले मूकदर्शक बने देखते रहे। सावन में डीजे पर प्रतिबंध लगा हुआ है। लेकिन आलम यह था कि डिस्ट्रिक्ट हेडक्वॉर्टर पर घंटों डीजे बजा और प्रतिबंध की जमकर धज्जियां उड़ायी गई।

पुलिस अधिकारियों तक पहुंची थी गूंज

डीजे स्पीकर की गूंज अधिकारियों तक भी पहुंची लेकिन अनसुनी बन कर रह गई। पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। डीएम ऑफिस के गेट पर मौजूद कैंट इंस्पेक्टर ने डीजे को बंद भी कराना चाहा तो उन्हें दरकिनार कर दिया गया।

सावन की शुरुआत होते ही डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन के ऑफिसर्स ने डीजे बजाये जाने पर बैन कर दिया था। डीजे ओनर्स के साथ मीटिंग कर कड़े निर्देश भी दिये गये थे। कहा गया था कि कोई भी संचालक डीजे बाहर नहीं निकालेगा। इसी क्रम दो दिन पूर्व कार्रवाई करते हुए चेतगंज पुलिस ने डीजे सहित एक गाड़ी को सीज भी किया था। इसके बावजूद सपा की साइकिल रैली में खूब डीजे बजे और सपाई भी जमकर झूमे। मुख्यालय पुलिस छावनी बनी हुई थी लेकिन सत्ता का रसूख रहा कि रोकटोक छोडि़ए किसी को बोलने तक की हिम्मत नहीं हुई।

कांवरियों के लिए रोक, तो इनके लिए क्यों नहीं ?

लोगों का कहना था कि जब सावन में डीजे पर प्रतिबंध है तो फिर यह क्या है? मुख्यालय पर चारों ओर डीजे को घुमाया गया था। सपाइयों की भीड़ ज्यादा होने के कारण कई पुलिस अधिकारी पैदल हो लिये। जिन्होंने ने भी कुछ नहीं कहा। आने-जाने वाले यही कह रहे थे कि जिसकी लाठी उसी की भैंस।