RANCHI :रांची में बिजली सप्लाई की व्यवस्था में जल्द ही बड़ा बदलाव होने वाला है। अब हमारे घरों में बिजली प्राइवेट कंपनी देगी। झारखंड बिजली वितरण निगम लि। ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के बाद राजधानीवासियों के घरों में बिजली सप्लाई से लेकर बिल वसूली व शिकायतों के निस्तारण तक के काम प्राइवेट कंपनी को सौंप दिए जाएंगे। वितरण निगम के एमडी राहुल पुरावार ने बताया कि इसको लेकर सहमति बन चुकी है। अब इसका मॉड्यूल तैयार किया जा रहा है कि किन टर्म एंड कंडीशन पर प्राइवेट कंपनी को बिजली वितरण का जिम्मा दिया जाएगा।

बोर्ड से हो चुका है अप्रूव

रांची और जमशेदपुर एरिया बोर्ड में बिजली सप्लाई का काम अब पूरी तरह से निजी कंपनियों को सौंपा दिया जायेगा। इसमें निजी कंपनी पर पावर सब स्टेशन से लेकर ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर उसे बनवाने के साथ ही उपभोक्ताओं प्रॉपर बिजली देने की जिम्मेदारी होगी। यह निर्णय झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के निदेशक मंडल की ओर से लिया गया है। इसे लागू करने के लिए राज्य सरकार ने अनुशंसा कर दी है।

20 लाख हैं कंज्यूमर

रांची और जमशेदपुर एरिया बोर्ड में 20 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। नई व्यवस्था के तहत निजी कंपनियों को पावर सब स्टेशन, 33 केवी लाइन, 11 केवी लाइन व ट्रांसफॉर्मर की देखरेख करने की जिम्मेवारी होगी। कंपनी को सारे उपभोक्ताओं की लिस्ट भी दे दी जाएगी। इसमें ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल होंगे। पीपीपी मोड पर यह काम दिया जायेगा। केवल टैरिफ निर्धारण झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा किया जायेगा।

इसलिए लिया गया निर्णय

बिजली वितरण निगम लगातार घाटे में चल रहा है। इस साल 1211.02 करोड़ रुपये का लॉस निगम को हुआ है। वितरण निगम को घाटे से उबारने के लिए कई प्रयास भी किया जा चुका है। लेकिन घाटे से उबारा नहीं जा सका है। इसलिए निगम ने प्राइवेट कंपनी को बिजली वितरण की जिम्मेवारी सौंपना का निर्णय लिया है।

सेकेंड फेज में 30 और सिटी में होगा लागू

रांची, जमशेदपुर में अगर रिस्पांस अच्छा मिलता है तो दूसरे फेज में राज्य के 30 और शहरों में इन नई व्यवस्था को शुरू किया जाएगा, जिसमें गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग, तिलैया, घाटशिला, मुसाबनी, चाईबासा, चक्रधरपुर, धनबाद, चिरकुंडा, दुमका, मिहिजाम, देवघर, साहेबगंज, पाकुड़, हजारीबाग, रामगढ़, सौंदा, पतरातू, चतरा, मधुपूर, बोकारो, गिरीडीह शामिल हैं।

वर्जन

रांची और जमशेदपुर की बिजली वितरण की व्यवस्था प्राइवेट कंपनी को देने का निर्णय निगम की ओर से लिया जा चुका है। अब उससे काम कराने के लिए मॉड्यूल तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसका टेंडर भी किया जाएगा।

राहुल पुरवार, एमडी वितरण निगम, झारखंड, रांची