बदमाशों ने गुलमोहर पार्क के पास रहने वाले दंपती के सिर पर किए मूसली से प्रहार, बिखरा पड़ा था खून

-लूटपाट की आशंका, हत्यारे के फिंगर प्रिंट मिले

डॉग स्क्वायड को बुलाने से भी नहीं मिली सफलता

बरेली: राजेन्द्र नगर के पॉश इलाके गुलमोहर पार्क में बुधवार की रात सनसनीखेज वारदात हो गइ। बदमाशों ने महिला बैंक कर्मी के घर में घुसकर उनकी और उनके पति की हत्या कर दी। दोनों के सिर पर मूसली से प्रहार किए गए थे। महिला ने घर में जबकि पति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना का पता चलने पर एसएसपी, एसपी क्राइम, एसपी सिटी समेत तमाम पुलिस अधिकारी पहुंच गए। फील्ड यूनिट के अलावा डॉग स्क्वायड भी लगाया गया। देर रात तक पुलिस छानबीन कर रही थी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

कालोनी के मकान नंबर 112/5 में नीरज सत्संगी अपनी पत्‍‌नी रूपा सत्संगी के साथ रहते थे। रूपा सेंट्रल बैंक में मैनेजर थीं। अगले साल उनका रिटायर्डमेंट था। इकलौता बेटा जतिन गुड़गांव में पत्‍‌नी के साथ रहता है। उसकी इसी साल जनवरी को शादी हुई है। घटना रात करीब दस बजे की बताई जा रही है। पड़ोस के मकान में रहने वाले वीके सैनी रात खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नीरज सत्संगी के घर से चीखने की आवाज सुनी। तब उन्होंने कई बार आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। दरवाजा भिड़ा था। जैसे ही वह अंदर गए तो रूपा की लाश पड़ी देखी। इसके बाद वह बाहर निकल आए। उन्होंने व अन्य लोगों ने यूपी-100 को फोन किया। पुलिस अंदर घुसी तो रूपा के साथ साथ नीरज भी मरणासन्न स्थिति में मिले। नीरज को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही एसएसपी समेत सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड को भी बुला लिया गया। घर में कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। बैड पर खाने की थाली लगी थी। हमलावर ने नीरज व रूपा के सिर पर मूसली से प्रहार किया था। मूसली मौके पर ही पड़ी मिली। अंदर बैडरूम का फर्श खून से सना हुआ था। मौके से हत्यारे के पैरों व हाथ के प्रिंट मिल गए हैं। पुलिस देर रात तक छानबीन में जुटी है।