-हत्या के बाद घर में ताला बंद फरार हो गए थे अपराधी

रांची: राहे प्रखंड के सताकी में वृद्ध दंपती 70 वर्षीय प्रह्लाद महतो और उनकी पत्‍‌नी 62 वर्षीया घासनी देवी की गला रेत कर हत्या कर दी गई। दोनों के शव कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया था। हत्या में चाकूनुमा छोटे हथियार का उपयोग किया गया है। प्रह्लाद महतो के गले और पेट को रेता गया है। वहीं घासनी देवी का गला रेता गया है। प्रह्लाद महतो सताकी गांव के पोस्टमास्टर पद से रिटायर होने के बाद नौ साल से गांव के बाहर एकांत घर में पत्‍‌नी घासनी देवी के साथ रहते थे। उनके दो बेटे मधुसूदन व अर्जुन बुंडू में रहते हैं। जबकि छोटा बेटा मनोज गांव में ही रहता है।

दो दिन पहले हुई थी भेंट

प्रह्लाद महतो के छोटे बेटे मनोज ने बताया कि गत पांच सितंबर की शाम उसकी पिताजी से भेंट हुई थी। छह सितंबर को दिनभर भेंट न होने पर वह सात सितंबर की सुबह भेंट करने पिता के घर गया। घर में ताला बंद था अन्य घरों में पूछताछ की। जब कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली तब ताला तोड़कर अंदर गया तो देखा कि दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। शव से बदबू आ रही थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

डॉग स्क्वॉयड की मदद

घटना की सूचना पर सिल्ली डीएसपी चंद्रशेखर आजाद, इंस्पेक्टर रामलाल राम, अनगड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद व राहे ओपी प्रभारी अजय ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड की मदद ली गई लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और डीएसपी को निर्देश दिया कि निष्पक्ष जांच करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार करें।