- अचानक फट पड़ा सिलेंडर, पूरा परिवार मलवे में दबा

आगरा। थाना सदर एरिया सरस्वती बिहार में शुक्रवार की रात एक मकान में सिलेंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि दो मंजिला मकान ढह गया। गृह स्वामी सहित 8 सदस्सीय परिवार मलबे में दब गया। पुलिस व आस पास के लोगों ने किसी तरह फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एसएन में एडमिट किया गया है।

रसोई में बन रहा था खाना

सरस्वती बिहार निवासी लक्ष्मी नरायण शर्मा का दो मंजिला मकान है। यहां पर वह पत्‍‌नी सुनिता व दो बेटे व दो बेटियों के अलावा अपनी मां साथ रहते हैं। शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे परिवार घर के अंदर था। किचिन में खाना बन रहा था। अचानक से तेज धमाका हुआ और इलाका हिल गया। लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि लक्ष्मी नरायण के घर से धूल का गुबार उठ रहा है।

उड़ गया दो मंजिला मकान

सिलेंडर फटने का धमाका इतना तेज था कि दो मंजिला मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मकान की छत नीचे आ गई। परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। एरिया के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। पुलिस भी आ गई। लोग मलबे में जाने से डर रहे थे। खतरा था कि कुछ उनके ऊपर भी न गिर जाए।

पुलिस और पब्लिक ने निकाला बाहर

आस पास के लोग व पुलिस ने किसी तरह मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला। परिवार की हालत गंभीर हो गई थी। परिवार को बुरी तरह से घायलावस्था में एसएन में भिजवाया गया। जानकारी होने पर परिवार के रिश्तेनातेदार मौके पर पहुंच गए। घटना की सुन आस पास हलचल मची हुई थी। लोगों का कहना था कि मकान में लक्ष्मी नरायण की सास भी थीं। घायलों की हालत देख परिवार में अफरा-तफरी थी।