छह करोड़ रुपए में तय हुआ है भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के बंगले का सौदा

prayagraj@inext.co.in

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रिय मंत्री दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी का टैगोर टाउन में स्थित बंगला 'आंगिरस' बुधवार को डॉ आनंद और चार अन्य के नाम हो जायेगा। डॉ जोशी के पड़ोसी डॉ। मिश्रा उनके भाई समेत कुल पांच लोगों ने मिलकर बंगले का सौदा छह करोड़ रुपये में किया है। बुधवार को रजिस्ट्री प्रक्रिया डॉ। जोशी के घर पर ही पूर्ण कराने के लिए रजिस्ट्री विभाग में पांच हजार रुपये अतिरिक्त जमा करा दिये गये।

चार दिन के प्रवास पर हैं डॉ जोशी

बंगले के सौदे के लिए पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री डॉ.जोशी पत्नी तरला जोशी के साथ चार दिन के प्रयागराज प्रवास पर हैं। बेटी प्रियंवदा भी मंगलवार को प्रयागराज पहुंच गई। डाक्यूमेंटेशन की कुछ फॉर्मेलिटीज पूरी न हो पाने के कारण मंगलवार को रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। बुधवार को दोपहर में इसे पूरा किया जायेगा। बता दें कि जमीन का कुल एरिया करीब 1200 वर्ग गज है। इसमें 1000 वर्ग गज में बंगले का निर्माण कराया गया है। इसे डॉ.जोशी के पड़ोसी हृदय रोग विशेषज्ञ डा.आनंद मिश्र तथा उनके भाई अनुपम मिश्र खरीदेंगे। अनुपम दिल्ली स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में जीएम हैं। सौ वर्ग गज जमीन विद्युत विभाग के अधिकारी धरनीधर द्विवेदी और 50-50 वर्ग गज जमीन का सौदा शिक्षिका संध्या कुशवाहा और प्रियंका कुशवाहा ने किया है। उप निबंधक कमला देवी ने बताया कि कार्यालय का स्टॉफ डॉ.जोशी के घर जाएगा और वहां पर ही रजिस्ट्री कराई जाएगी।

तीनो बैंक एकाउंट दिल्ली ट्रांसफर

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से लंबे समय तक जुडे रहे डॉ जोशी इलाहाबाद सीट से सांसद भी रह चुके हैं। बंगला बिकने के साथ ही उनका प्रयागराज से नाता लगभग टूट जायेगा। बंगले की रजिस्ट्री के लिए आये डॉक्टर जोशी ने इलाहाबाद में संचालित अपने तीनो बैंक एकाउंट दिल्ली ट्रांसफर करा लिए हैं। उनका एक खाता भारतीय स्टेट बैंक की इलाहाबाद विश्वविद्यालय शाखा में था जहां उन्हें पेंशन मिलती थी। इसी तरह एक खाता भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा में था। इसमें जन कल्याण समिति नामक उनकी संस्था का भी खाता था। मंगलवार को डॉ.जोशी बैंक में खुद गए और खाता ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करके साथ एकाउंट का स्टेटमेंट भी लिया।