-नगर निगम ने डेयरियों पर लगाम कसने के लिए जारी किए दिशा निर्देश

-डेयरियों में खुद का कंटेनर रख, उसमें डालना होगा गोबर

-डेयरियों पर अतिरिक्त टैक्स लगा उठाया जाएगा स्टोर गोबर और कूड़ा

आई इंपैक्ट का लोगो लगाएं

Meerut: सड़कों और नालों में गोबर बहाकर पूरे शहर को गंदा करने वाले डेयरी संचालक सावधान। यदि सड़कों और नालों में गोबर फेंका तो डेयरी संचालकों को सख्त परिणाम भुगतने होंगे। नगर निगम उनसे न केवल पांच हजार तक जुर्माना वसूलेगा, बल्कि उन पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। शहर को गंदगी में धकेलने वाली डेयरियों पर लगाम कसने के लिए नगर निगम ने नई नियमावली बनाने की कार्य योजना तैयार की है।

शहर में 1705 डेयरियां

नगर निगम के रिकार्ड की मानें तो शहर में इस समय 1705 डेयरियां हैं। ये तो वो डेयरियां हैं जो नगर निगम में रजिस्टर्ड हैं, जबकि शहर में 2000 से अधिक डेयरियां अवैध रूप से चल रही हैं। इन डेयरियों से रोजाना निकलने वाला सैकड़ों टन गोबर पानी के माध्यम से नालियों में बहा दिया जाता है। नालियों में पड़ने वाला यह गोबर सीवेज और नालियों को चोक कर देता है, जिसका परिणाम यह होता है कि घरों से निकलने वाला पानी नालियों से उफन कर सड़कों पर आ जाता है और शहर में वाटर लॉगिंग की समस्या खड़ी हो जाती है।

निगम ने बनाई कार्य योजना

नगर निगम ने डेयरियों पर अंकुश लगाने के लिए एक नई नियमावली तैयार की है। इस नियमावली के अंतर्गत यदि किसी भी डेयरी का गोबर या कूड़ा सड़कों या नालों में डाला गया तो उस पर निगम की ओर से पांच से पंद्रह हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही डेयरी संचालक पर नियम का उल्लघंन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पर्सनल कंटेनर में स्टोर होगा गोबर

नगर आयुक्त एसके दुबे ने बताया कि नई नियमावली के मुताबिक अब डेयरी संचालकों को गोबर के लिए खुद का कंटेनर रखना होगा। डेयरी से निकलने वाले गोबर को डेयरी संचालक कंटेनर में स्टोर करेंगे, जिसके बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारी उसको वहां से उठाकर रिहायश वाले इलाके से बाहर डंप करेंगे। इस तरह से न केवल शहर को साफ स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि नई व्यवस्था होने तक मनमानी कर रहे डेयरियों संचालकों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

डेयरियों पर एक्स्ट्रा टैक्स

नगर निगम की ओर से गोबर उठाने की एवज में डेयरियों पर एक्स्ट्रा टैक्स लगाया जाएगा। नई नियमावली में टैक्स की व्यवस्था कर उससे निगम की आय बढ़ाई जाएगी। नगर आयुक्त के मुताबिक नई नियमावली का मसौदा तैयार कर लिया गया है। इसको लेकर सभी पार्षदों से भी सहमति ले ली गई है। दस दिन बाद आयोजित होने वाली बोर्ड बैठक में मसौदा पेश कर प्रस्ताव पास करा लिया जाएगा, जिसके बाद से नई व्यवस्था प्रभावी हो जाएगी।

आई नेक्स्ट ने उठाया था मुद्दा

डेयरियों द्वारा शहर को गोबर में तब्दील करने वाला मामला आई नेक्स्ट ने अपनी खबर में प्रमुखता से उठाया था। खबर का संज्ञान लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए डेयरी पर अंकुश लगाने का मसौदा तैयार कर लिया है।

सड़कों और नालों में गोबर बहाने पर अब डेयरी संचालकों से जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर डेयरी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सदन से पास होते ही कानून प्रभावी हो जाएगा।

सतीश कुमार दुबे, नगर आयुक्त

शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसको ध्यान में रखते हुए नए कानून का मसौदा तैयार कर लिया गया है।

हरिकांत अहलूवालिया, मेयर