दुर्गा पूजा पंडालों में सप्तमी को पट खुलने के बाद हुए सांस्कृतिक आयोजन

ALLAHABAD: दुर्गा पूजा पंडालों में शनिवार को महासप्तमी की भव्य पूजा का आयोजन किया गया। दुर्गा पूजा पंडालों में विराजमान मां की ढाक व ताशा की थाप पर आरती उतारी गई। इस दौरान कई पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शाम होते ही पंडालों में मां के दर्शन के लिए भक्त उमड़ पड़े। रविवार को अष्टमी की मध्यरात्रि में संधि पूजा की जाएगी। मान्यता है कि संधि पूजा में मां साक्षात प्रकट होकर भक्तों की हर मुराद पूरी करती हैं।

दुर्गा सप्तशती का पाठकर लगाया भोग

पूजा पंडालों में सुबह ब्राह्माणों ने दुर्गा सप्तशती का पाठ कर मां को भोग लगाया। खिचड़ी, भाजा (पांच प्रकार की भुनी सब्जी), चटनी व मिठाई का प्रसाद चढ़ाकर भक्तों में उसे वितरित किया। रात में महाआरती उतारकर प्रसाद वितरित किया गया। लूकरगंज बारवारी की पूजा में उषा आरती के बाद विधिवत पूजन-अर्चन हुआ। इसमें मिहिर दे, देवब्रत दे, रजत दे शामिल हुए। रामानंदनगर बीएचएस दुर्गा पूजा कमेटी की पूजा में मंत्रोच्चार के बीच मां की स्तुति हुई। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इसमें आरके सिंह, भानू सिंह सिंगरौर, अभिषेक वर्मा, आशीष चित्रांशी, योगेश वैश्य शामिल हुए। वहीं कालिंदीपुरम् सार्वजनिन पूजा कमेटी द्वारा भव्य पूजा का आयोजन किया जा रहा है। अरुण गुप्त, अश्वनी त्रिपाठी के संयोजन में मां का पूजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। कैंट स्थित सदर बाजार फुटबाल ग्राउंड में चल रही श्री छावनी दुर्गा पूजा कमेटी मंत्रोच्चार के बीच मां की भव्य पूजा व सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहा है। इसमें शैलेंद्र सिंह, नीरज, सुरेंद्र पांडेय, चौ। हरीलाल, लक्खीलाल, प्रेम पंचोली, कमलेश, सुनील शामिल हुए।