RANCHI: राजधानी के अधिकतर पूजा पंडाल प्लास्टिक फ्री बनाए गए हैं। इसमें प्लास्टिक का यूज नहीं किया जा रहा है। आयोजनकर्ता से लेकर आम पब्लिक भी इसे लेकर अवेयर नजर आ रही है। श्रद्धालु प्लास्टिक का यूज नहीं करने का संकल्प लेकर पूजा घूमने निकल रहे हैं। पूजा पंडालों में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने से संबंधित कई पोस्टर और बैनर भी लगाए गए हैं। अच्छी बात यह है कि पूजा पंडाल में कहीं भी प्लास्टिक वेस्ट नजर नहीं आ रहा है। मेला कैंपस को भी पूरी तरह नो प्लास्टिक जोन बनाया गया है। कई पूजा पंडालों में नगर निगम की मदद से कपडे़ के थैले भी बांटे जा रहे हैं। सत्य अमर लोक, राजस्थान मित्र मंडल, पंच मंदिर हरमू, भारतीय युवक संघ, आरआर स्पोर्टिग क्लब समेत सभी पूजा पंडालों में प्लास्टिक का उपयोग नजर नहीं आ रहा है। आयोजनकर्ता माइक पर लगातार लोगों को अवेयर भी कर रहे हैं। साथ ही इसके खतरे को भी समझा रहे हैं।

जिला प्रशासन करेगा सम्मानित

नो प्लास्टिक यूज को फॉलो करने वाले पंडालों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिस पूजा पंडाल में प्लास्टिक का उपयोग बिल्कुल नहीं होगा, जिला प्रशासन की ओर से उस पूजा समिति को सम्मानित भी किया जाएगा।