RANCHI: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से जारी किया गया ईजी बिजली एप पिछले छह महीने से काम नहीं कर रहा। बिजली बिल जमा करने में जो लोग एप का उपयोग करते हैं उनके लिए परेशानी बढ़ गई है। हालांकि यह परेशानी सिर्फ सरकारी एप में ही देखी जा रही है। प्राइवेट एप जैसे पेटीएम, फोन पे आदि से बिल जमा करने पर कुछ ही सेकेंड में इसे एक्सेप्ट कर लिया जा रहा है। वहीं सरकारी एप की हालत खस्ता हो चुकी है। 2016 में इस एप को लांच किया गया था। इसका इस्तेमाल बिल जमा करने से लेकर किसी प्रकार की जानकारी के लिए भी किया जाता था। लेकिन छह महीने से यह एप काम ही नहीं कर रहा।

प्राइवेट एप से पेमेंट करना आसान

प्राइवेट एप से पेमेंट करना काफी आसान होता है। प्राइवेट ज्यादा समय भी नहीं लेता और आसानी से पेमेंट ओके हो जाता है। ईजी बिजली एप सरकारी एप है, इसे लोगों की सुविधा के लिए लांच किया गया था। लेकिन यह एप सुविधा देने में कामयाब नहीं हो सका है।

क्या कहते हैं आईटी हेड

आईटी हेड संजय कुमार ने बताया कि इन दिनों पेमेंट के ऑप्शन बहुत सारे हो गए हैं। इस लिए लोग ईजी बिजली एप प्रयोग कम करने लगे हैं। उन्होंने बताया कि ईजी एप एक्टिव है। कनेक्टीविटी के कारण हो सकता है कभी प्रॉब्लम होती होगी। लेकिन प्रतिदिन कुछ न कुछ पेमेंट इस एप से जरूर रिसीव किए जाते हैं।