JAMSHEDPUR: शहर के नन कंपनी इलाकों की बिजली बुधवार की सुबह गुल हो गई। शहर में सुबह छह बजे से 10 बजे तक बिजली गायब रही। ऐसा चांडिल के करीब रामचंद्रपुर ग्रिड में आई तकनीकी खराबी के चलते हुए। बाद में इंजीनियरों ने इस ग्रिड में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त किया तब जाकर बिजली आपूर्ति चालू हुई।

चांडिल के करीब रामचंद्रपुर ग्रिड में अचानक सुबह छह बजे ब्रेकर में खराबी आ गई। ब्रेकर का कनेक्ट ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। चांडिल ग्रिड, गम्हरिया ग्रिड और जमशेदपुर के गोलमुरी ग्रिड व बालीगुमा ग्रिड को रामचंद्र ग्रिड से ही बिजली मिलती है। इसलिए रामचंद्र ग्रिड में खराबी की वजह से इससे जुड़े सभी चारों ग्रिड भी ठप हो गए। इससे पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई।

फाल्ट दुरुस्त किया

एक साथ शहर के सभी गैर कंपनी इलाकों की बिजली चली जाने से झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के कान खड़े हो गए। बाद में उन्हें रामचंद्रपुर ग्रिड की खराबी के बारे में जानकारी हुई। उधर, रामचंद्रपुर ग्रिड में इंजीनियरों ने 10 बजे के करीब फाल्ट दुरुस्त कर लिया। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के जमशेदपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता मनमोहन कुमार ने बताया कि ब्रेकर के करंट ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया। इसके बाद ब्रेकर चालू हुआ और ग्रिड से गोलमुरी, गम्हरिया, चांडिल और बालीगुमा ग्रिड को बिजली की आपूर्ति चालू की गई।

जुगसलाई में तीन घंटे नहीं रहेगा पावर

जुगसलाई में गुरुवार को तीन घंटे बिजली नहीं रहेगी। इस दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी तारों के आसपास के पेड़ों की डालियां छाटेंगे। इसलिए सुबह 11 बजे से दोपहर बाद दो बजे तक जुगसलाई के दुखू मार्केट, गुदड़ी बाजार, स्टेशन रोड, ग‌र्ल्स स्कूल रोड आदि इलाके में बिजली बाधित रहेगी।

बिरसानगर में सुबह नौ से पांच नहीं रहेगी बिजली

बिरसानगर में छोटा गोविंदपुर पावर सब स्टेशन में स्ट्रक्चर पेंटिंग करने का काम चल रहा है। यही नहीं, इलाके में एरियल बंच्ड केबल भी लगाया जाएगा। इस वजह से इस इलाके में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक आठ घंटे बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी। बीएड कॉलेज के आसपास का क्षेत्र, प्रकाश नगर, शिव मंदिर रोड, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के घर के आसपास का इलाका, अर्चित टावर, ग्वाला बस्ती, गणेश विला, कंपूटा, मोहरदा, अर्जुन कॉलोनी आदि इलाके में बिजली गुल रहेगी।