-नगर निगम टीम ने जंक्शन रोड पर गिराए अवैध अतिक्रमण, वसूला जुर्माना

- चेंबर तोड़ने पर भड़के वकील निगम पर लगाए पक्षपात के आरोप

बरेली : नगर निगम टीम ने सैटरडे को जंक्शन रोड पर अवैध अतिक्रमण ढहा दिए। अभियान के दौरान निगम ने सड़क किनारे फुटपाथ और नालों पर अवैध रूप से बनी दुकानों, टीन शेड, दीवार, चबूतरे और खोखों आदि ढहा दिया, लेकिन कई होटलों के बाहर बने अवैध निर्माण जस के तस बने रहे। वहीं तहसील गेट के सामने एक वकील का चेंबर तोड़ने पर अन्य वकील भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगा जमकर हंगामा किया। मौके पर मौजूद फोर्स ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।

एक दिन पहले किया चिह्नित

नगर निगम की टीम ने फ्राइडे को स्टेशन रोड से डीएम आवास तक अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगा दिए थे। सैटरडे को दोपहर करीब 12 बजे सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार की मौजूदगी में अभियान शुरू हुआ। टीम के साथ बुल्डोजर को देखते ही कई दुकानदारों ने सामान हटाना शुरू कर दिया।

वसूला जुर्माना, सामान जब्त

टीम ने जैसे ढहाना शुरू किया तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार खुद ही अपना सामान हटाने लगे। इस दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों से करीब दस हजार रुपये जुर्माना वसूला। कृष्णा लॉन और राजकमल होटल के पास अतिक्रमण हटाया गया। वहीं ऑकेजन होटल के सामने दो जनरेटर लगे मिले, जिसपर चेतावनी दी।

तोड़ा चेंबर, भड़के वकील

तहसील गेट के सामने निगम की टीम ने नाले पर बने वकीलों के चेंबर हटाने शुरू कर दिए। अधिवक्ता ओम जय मृत्युंजय मिश्रा का खोखा भी बुल्डोजर ने ध्वस्त कर दिया। इस पर वकील भड़क गए। उन्होंने टीम पर बिना नोटिस चेंबर तोड़ने का आरोप लगाया। नगर निगम अधिकारियों के साथ उनकी जमकर नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने मामला संभाला।

बिना हेल्मेट वालों को चालान

सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने बाइक पर बिना हेलमेट चल रहे लोगों को रोककर उनका चालान भी कटवाया। उन्होंने पुलिस लिखी एक बुलेट को भी रोक लिया। बाइक सवार पुनीत की बाइक का ई-चालान किया गया। साथ ही दो अन्य बाइक सवारों का भी हेलमेट नहीं पहनने पर चालान काटा गया।