आगरा। उप मुख्यमंत्री डॉ। दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को शाहजहां गार्डन में पौधरोपण किया। इसके साथ ही आमजन से अधिक से अधिक पौधरोपण किए जाने का आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पौधे ऑक्सीजन के सिलेंडर की तरह कार्य करते हैं। पर्यावरण का संतुलन हमारे जीवन में स्वास्थ्य सम्बन्धित सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करता है। हम लोगों के स्वस्थ जीवन जीने में सहायक बनता है। पर्यावरण का असंतुलन व्यक्ति की शारीरिक क्षमताओं पर भी असर डालता है। जलवायु परिवर्तन से जो दुष्परिणाम पड़ रहा है, उससे बचने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में 22 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य दिया है।

आगरा का है 28 लाख 64 हजार का लक्ष्य

डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में पौधरोपण की निगरानी के लिए पंचायत स्तर तक अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। जनपद में 28 लाख 64 हजार पौधे लगाए जाएंगे। पौधरोपण के लिए जनपद के 25 विभागों को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। जिसमें ग्राम विकास विभाग को 11 लाख 88 हजार 575 तथा इसी प्रकार प्रत्येक विभाग अपने लक्ष्य के अनुरूप आज ग्राम स्तर तक पौधरोपण करेंगे। इस अवसर पर सांसद प्रो। एसपी सिंह बघेल व राजकुमार चाहर, विधायकगण रामप्रताप सिंह चौहान, महेश गोयल, योगेन्द्र उपाध्याय, जितेन्द्र वर्मा, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, चौधरी उदयभान सिंह, डॉ। जीएस धर्मेश, जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया व महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे सहित प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला, जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार व मुख्य विकास अधिकारी जे रीभा ने भी पौधरोपण किया।