- कथित धर्म परिवर्तन प्रकरण में है आरोपी

- अपने समर्थकों को बताया खुद को निर्दोष

आगरा। कथित धर्मातरण प्रकरण में आरोपी नंद किशोर को बुधवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। यहां प्रभारी सीजेएम ने उसके बयान लिए। यहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। यहां अपने समर्थकों से नंद किशोर का कहना था कि उसे गलत फंसाया जा रहा है।

साढ़े दस बजे लाए थे कोर्ट

थाना सदर पुलिस कथित धर्मातरण प्रकरण के आरोपी नंद किशोर को सुबह साढ़े दस बजे सीजेएम कोर्ट लेकर पहुंची। प्रभारी सीजेएम-13 ने उसके बयान लिए। यहां से उसे करीब एक बजे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आरोपी के वकील बसंत कुमार गुप्ता के मुताबिक उसने खुद को निर्दोष बताया है।

'धर्म परिवर्तन नहीं कराया'

पुलिस की गिरफ्त में नंद किशोर के माथे पर कोई शिकन नहीं थी। उससे मिलने गए लोगों की मानें तो उसने बताया कि कोई धर्म परिवर्तन नहीं कराया, उसने मात्र घर वापसी कराई है। कोई जोर जबरदस्ती नहीं की गई। उन लोगों ने हवन और मंत्रोच्चारण अपनी इच्छा से किया। वह घर वापसी का काम आगे भी करता रहेगा। उसका कहना था कि प्रशासन राजनेताओं के दबाव में है।

'गलत फंसाया जा रहा'

उसे गलत फंसाया गया है। घर वापसी जैसे कार्यक्रम पहले भी होते रहे हैं। उसका कहना था कि वह प्रकरण के बाद कहीं भागा नहीं था, बल्कि अपने लोगों को सच्चाई बता रहा था।

24 दिसम्बर तक भेजा न्यायिक अभिरक्षा में

नंद किशोर के एडवोकेट बसंत कुमार गुप्ता के मुताबिक उसे 24 दिसंबर तक न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेजा गया है। वह खुद जमानत का लिख कर देगा।

बजरंग दल के लोग पहुंचे दीवानी

बजरंग दल के सुनील पाराशर दीवानी पहुंचे। उनका कहना था कि पूरे प्रदेश में घर वापसी का कार्यक्रम होने जा रहा था। लेकिन सारे प्रोग्राम रोक दिए गए हैं। आगरा में ही कई परिवार ऐसे हैं, जो घर वापसी चाहते हैं।

नहीं जुटी लोगों की भीड़ चुपचाप किया काम

नंद किशोर को लाने के दौरान दीवानी परिसर में किसी प्रकार का हंगामा या भीड़भाड़ नहीं थी। पुलिस चुपचाप उसे कोर्ट में ले गई थी। एक बजे करीब सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे ले जाया गया उस दौरान उसे मीडिया से बात नहीं करने दिया गया था।