-उकसाकर केस करवाने के आरोप लगाकर महावीर मंडल के मंत्री के घर पहुंची भीड़ ने की मारपीट

-छात्रा की शिकायत पर छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज

-पुलिस ने डोरंडा में की फ्लैगमार्च, इलाके में पुलिस बल तैनात

-पुलिस पर बिना जांच के युवक को जेल भेजने का लगाया आरोप

रांची : डोरंडा की एक नाबालिग कॉलेज छात्रा से छेड़खानी के बाद जमकर हंगामा हुआ। शनिवार रात से डोरंडा का माहौल तनावपूर्ण है। स्थिति अब नियंत्रण में है। रविवार की सुबह डोरंडा कुम्हार टोली में रहने वाले डोरंडा महावीर मंडल के मंत्री राजेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा के घर पर 100-150 लोग पहुंचे और मारपीट की। मारपीट करने वालों ने उनपर उकसाकर केस दर्ज करवाने का आरोप लगाया। घटना के बाद इस मामले में मुहर्रम कमेटी ने भी हस्तक्षेप किया। इसके बाद दोनों समुदायों में तनातनी से माहौल तनावपूर्ण हो गया। तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में डोरंडा में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया। पुलिस के वरीय अधिकारी भी नजर रखे हुए हैं।

पुलिस ने युवक को भेजा जेल:

एक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा से डोरंडा के रेस्टोरेंट में छेड़छाड़ की घटना के बाद छात्रा की शिकायत पर युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जेल भेजा गया आरोपित डोरंडा मिस्त्री मोहल्ला निवासी मो। कैफी है। उसके खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इधर घटना के बाद दोनों समुदाय के लोग थाना पहुंचे थे। थाने में हंगामा भी हुआ। पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत हुआ।

परिजनों के साथ थाने पहुंची थी नाबालिग :

छात्रा का आरोप है कि उसे कैफी ने फोन कर डोरंडा स्थित रेस्टोरेंट बुलाया था। आने से मना करने पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी थी। युवक के ब्लैकमेल करने की वजह से वह रेस्टोरेंट पहुंची, इस दौरान युवक ने छेड़छाड़ की। छेड़छाड़ के बाद वह अपने परिजनों के साथ डोरंडा थाना पहुंची। छात्रा के बयान पर एफआइआर दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया गया। इधर लड़का पक्ष का कहना है कि युवक और छात्रा के बीच वर्षो से प्रेम प्रसंग चल रहा है। रेस्टोरेंट में डेटिंग के लिए गए थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद दूसरे पक्ष की ओर से तूल दिया गया और पुलिस ने बिना जांच किए ही युवक को जेल भेज दिया।

महावीर मंडल मंत्री ने भी दर्ज कराई शिकायत :

महावीर मंडल के मंत्री राजेश उर्फ पप्पू वर्मा ने भी डोरंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा है कि शनिवार की रात एक नाबालिग से छेड़खानी मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद रविवार की सुबह करीब 100-150 लोग उनके घर पहुंचे और केस करवाने की बात कह मारपीट की। भीड़ के साथ एक पार्षद के पति भी थे। जबकि वे कह रहे थे, उस केस से उनका कोई लेना देना नहीं है। शिकायत में पप्पू वर्मा ने सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।

दोनों गुट ने माहौल को संभाला, शांति की अपील :

डोरंडा सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष अशरफ अंसारी और सचिव मुमताज गद्दी ने कहा है कि डोरंडा में स्थिति बिल्कुल सामान्य है और माहौल शांतिपूर्ण है। डोरंडा में कल की घटना सामान्य थी जिसे मिल बैठकर दोनों गुट के लोगों ने समाप्त कर लिया है। सेंट्रल मोहर्रम कमेटी एवं महावीर मंडल के संयुक्त प्रयासों से डोरंडा में भाईचारगी और सद्भावना के साथ मोहर्रम का त्योहार मनाया जाएगा। सेंट्रल मोहर्रम कमेटी ने कहा है कि डोरंडा में आपसी सद्भावना एवं गंगा जमनी तहजीब की एक बार फिर से इतिहास बनाया जाएगा। किसी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई।

::::

क्त्रद्गश्चश्रह्मह्लद्गह्म ष्ठद्गह्लड्डद्बद्यह्य :

9999