विरोध करने पर पिता को भी पीटा, भाभी के साथ भी की अश्लील हरकत

दुस्साहसिक घटना से सनसनी, दुकानदारों ने कपड़ा देकर बचाई आबरू

आरोपी दो सगे भाइयों को पुलिस ने दबोचा, तीसरा फरार, तलाश जारी

GORAKHPUR: पुलिस की तैयारियों और दावों के बाद भी गोरखपुर में शोहदों का उत्पात जारी है। या यूं कहे पुलिस का खौफ न बदमाशों में है और न मनबढ़ों में। चौरीचौरा के सरैया चौराहे पर रविवार को मनबढ़ों का दुस्साहस इतना बढ़ गया कि पिता और अपनी भाभी के साथ छेड़खानी की शिकायत करने थाने जा रही युवती को न सिर्फ मारा बल्कि कपड़ा फाड़ कर नंगा कर दिया। शोर सुन पिता बचाने आए तो उन्हें भी पीटकर अधमरा कर दिया। भाभी के साथ भी छेड़खानी की। यह घटना भरे बाजार दोपहर साढ़े तीन बजे की है। पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सरेआम हुई गुंडागर्दी की सूचना चौराहे के लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती तथा उसके घरवालों को थाने भिजवाया और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।

आधे घंटे पहले हुई थी छेड़खानी

सरैया चौराहे पर हुई घटना से करीब आधा घंटे पहले खेत से घर लौटते समय युवती के साथ युवकों ने छेड़खानी की थी। उनकी हरकतों से तंग आकर युवती ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। उसके बाद पिता और भाभी के साथ शिकायत दर्ज कराने थाने जाने के लिए निकली। अभी वह सरैया चौराहे पर बाजार के पास ही पहुंची थी कि युवकों को उनके थाने जाने की जानकारी हो गई। तीनों मनबढ़ों ने चौराहे पर युवती को पकड़ लिया और थाने पर जाने की नाराजगी में युवती को चौराहे पर ही बेइज्जत करना शुरू कर दिया। अपनी इज्जत बचाने के लिए युवती चौराहे पर स्थित एक दुकान की तरफ भाग कर गई। लोगों ने शरीर ढंकने के लिए कपड़े दिए।

तीन महीने पहले भी की थी छेड़खानी

पकड़े गए दोनों आरोपी गौतम और मुकेश है। दोनों सगे भाई हैं। आरोप है कि गौतम ने तीन महीने पहले भी युवती के साथ छेड़खानी की थी। तब भी युवती के परिजनों ने शिकायत की थी। उस समय भी वह उलझ गया था और दोनों परिवारों के बीच मारपीट हुई थी। बताया जा रहा है कि गौतम मनबढ़ है। स्कूल आती-जाती लड़कियों के साथ छेड़खानी करता है। उसके खिलाफ शिकायत की कोई हिम्मत नहीं जुटा पाता था। गौतम के पास से पुलिस ने एक चाकू भी बरामद किया है।