RANCHI: राजधानी रांची में क्रिमिनल्स इस कदर बेखौफ हो गए हैं कि छेड़खानी का विरोध करने पर लड़की के घर में घुसकर जानलेवा हमला करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित पत्थलकुदवा हरिजन बस्ती में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां विक्टिम फैमिली ने छेड़खानी व मारपीट का आरोप मो। मुमताज पर लगाते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। लोअर बाजार पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं, आरोपी फरार बताया जा रहा है।

क्या है मामला

विक्टिम फैमिली के अनुसार, मुमताज उनकी 16 साल की बेटी के साथ अक्सर छेड़खानी करता था। इसके विरोध में विक्टिम फैमिली के साथ उसका पहले भी झंझट हुआ था। इसके बावजूद शनिवार को दिन के 12.30 बजे मो। मुमताज उनके घर में अचानक घुस गया और पीडि़ता पर लोहे के हथौड़े से हमला कर दिया। इस हमले में पीडि़ता का सिर फट गया। जब पीडि़ता के साथ मारपीट का विरोध करने उनका बेटा पहुंचा तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे उसका भी सिर फट गया है। इतना ही नहीं, जब पड़ोसी रिश्तेदार बीच-बचाव करने पहुंचे तो मुमताज ने उनपर भी हमला कर दिया।

रेप की कोशिश, लड़की के कपड़े फाड़े

इसके बाद घर में पीडि़ता की 16 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की और कपड़े भी फाड़ डाले। शोरगुल पर आसपास के लोग जुट गए, जिन्हें देखकर मुमताज भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का इलाज करवाया। पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। विक्टिम फैमिली को आशंका है कि आरोपी उन्हें बाद में भी बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है।