JAMSHEDPUR : बरसानगर थाना अंतर्गत लुपुंगडीह पुल के नीचे रामजी गुप्ता (42 वर्ष) की गोली मारकर हत्या की गई। सोमवार को पुलिस को एक लाश बरामद हुई। मृतक के हाथ में पांच गोली लोड एक पिस्टल और पास में ही एक खोखा मिला है। मृतक की कनपटी में गोली का निशान होने से गोली कनपटी में सटा कर मारी गई है। शव के बगल में मोबाइल, पानी का बोतल और मूंगफली का पैकेट मिला है। बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक भारतीय सेना से रिजाइन कर 2016 में जमशेदपुर आया, इसके बाद वह कुछ दिनों तक ओडिशा में सिक्यूरिटी गार्ड का काम करता रहा। करीब डेढ़ साल पहले वह ओडिशा से काम छोड़कर जमशेदपुर आ गया और माता-पिता के साथ टेल्को ग्वाला बस्ती में रह रहा था।

निकला था दोस्तों के साथ

भाई ने बताया कि माता-पिता के गांव जाने के चलते वह खाना खाने के लिए मेरे पास आता था। रविवार को वह दोस्तों के साथ निकला था और शाम को साढ़े पांच बजे घर लौटा था। इसके बाद रात में भी खाना खाने नहीं आया तो उससे फोन कर पूछा तो बताया कि उसने खाना खा लिया है। इसके बाद हमलोग निश्चिंत हो गए। सुबह भाई का शव पुलिया के नीचे पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुचे बिरसानगर थाना प्रभारी, सिटी डीएसपी अनुदीप सिंह ने पिस्टल को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जांच में जुटी पुलिस

लुपुंगडीह की पुलिया के नीचे जिस स्थान पर रामजी गुप्ता का शव पड़ा हुआ था। शव की कुछ दूरी पर उसका मोटरसाइकिल, मोबाइल, पानी की बोतल, कान में हेडफोन लगा हुआ, कार्ड आदि पड़ा हुआ था। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। मृतक दायां हाथ से काम करता था, लेकिन पिस्टल उनके बाएं हाथ में था। इससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक की हत्या की गयी है। बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या और आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं पर जांच हो रही है। पिस्टल को फारेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि सच्चाई सामने आ सके। मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।

महिला से संबंध मौत का कारण

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रामजी गुप्ता मानगो की रहने वाली एक विधवा से अवैध संबंध था। उसके दो बच्चे हैं। रामजी गुप्ता अविवाहित था। विधवा भी रामजी गुप्ता से प्यार करती थी। आशंका है कि महिला के कारण ही रामजी गुप्ता की हत्या हुई है। मृतक ने कुछ लोगों को सूद पर पैसा भी लिया हुया था। इसके कारण कुछ लोगों से दुश्मनी हो गई थी। पुलिस हत्या की हर पहलुओं पर जांच करने में जुटी हुई है।