patna@inext.co.in
PATNA : पूर्व मुख्यमंत्री डॉ जगन्नाथ मिश्र का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से वह अस्वस्थ चल रहे थे। वह तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। वह 82 वर्ष के थे। उनके निधन पर बिहार में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव सुपौल जिले के बलुआ में बुधवार को राजकीय सम्मानपूर्वक किया जाएगा।

गहरी शोक संवेदना की व्यक्त
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डॉ मिश्र के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि डॉ जगन्नाथ मिश्र एक प्रख्यात राजनेता एवं शिक्षाविद थे। बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति में उनका बहुमूल्य योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश को राजनीतिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। डा। मिश्र के पुत्र और पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर मंगलवार को करीब एक बजे विमान से पटना लाया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए शास्त्रीनगर स्थित आवास पर रखा जाएगा। उसके बाद करीब चार बजे पार्थिव शरीर को विधानमंडल परिसर में लाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा। मदन मोहन झा के आग्रह पर डा। मिश्र के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में भी कुछ देर के लिए रखा जाएगा। बुधवार की सुबह डा। मिश्र के पार्थिव शरीर को पटना से मुजफ्फरपुर-दरभंगा-झंझारपुर होते हुए बलुआ बाजार ले जाएगा। वहीं उनका अंतिम संस्कार होगा।