कोर्ट में पेशी के पूर्व पुलिस की ओर से कराए गए मेडिकल में पाए गए थे बीमार

तबीयत में सुधार के बाद कोर्ट ने 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा नैनी जेल

ALLAHABAD: सपा के पूर्व विधायक सईद अहमद को मंगलवार को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में नैनी जेल भेजा गया। स्वास्थ्य में सुधार पर सुबह सिविल लाइंस पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। रविवार को गिरफ्तारी के बाद सोमवार को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। कोर्ट आदेश पर उन्हें एक दिन के लिए एसआरएन हास्पिटल में भर्ती कराया गया था।

धोखाधड़ी का है आरोप

सिविल लाइंस स्थित सरदार पटेल मार्ग पर एक जमीन का सौदा होटल कारोबारी सरदार जोगिंदर सिंह से हुआ था। बताते हैं कि जोगिंदर सिंह ने जमीन के लिए सपा शासन काल में विधायक रहे सईद अहमद को जमीन की खरीद के लिए एडवांस में 95 लाख रुपए दिए थे।

कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

सरकार जोगिंदर सिंह का आरोप है कि पैसा मिलने के बाद सईद अहमद ने न जमीन की रजिस्ट्री की और न ही पैसा वापस किया। जोगिंदर सिंह ने न्याय के लिए कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने रविवार शाम एमजी मार्ग स्थित मकान पर छापा मारकर सईद अहमद को गिरफ्तार किया था। सीओ सिविल लाइंस श्रीशचंद्र ने बताया कि पूर्व विधायक को कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद न्यायिक हिरासत में 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है।