एक्स एमपी शिवानंद तिवारी ने कहा-शरद जी ने चौधरी चरण सिंह व देवीलाल जी को भी सियासत का पहाड़ा पढ़ाया

PATNA: जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने महिलाओं पर जो टिप्पणी की, उसको लेकर राजनीति गर्म है। अब जेडीयू के एक्स एमपी शिवानंद तिवारी ने शरद यादव को अपने अंदाज में निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा है कि स्मृति ईरानी को शरद यादव का इतिहास शायद मालूम नहीं है, इसीलिए वे उनसे उलझ रही हैं। शरद जी ने चौधरी चरण सिंह और देवीलाल जी को भी सियासत का दो-चार पहाड़ा पढ़ाया है। यह तो कहिये कि डॉ लोहिया शरद जी से मिल नहीं पाये, अन्यथा उन्होंने भी कुछ न कुछ जरूर उनसे हासिल किया होता।

कभी का उन्हें पीएम हो जाना चाहिए था

शरद जी जैसा तजुर्बेकार भी भारतीय संसद में कितने हैं! डॉ लोहिया से भी व्यापक है इनका व्यक्तित्व। लोहिया जी तो सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही सिमट कर रह गए, लेकिन शरद जी ने तो देश के तीन-तीन राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व किया है। इसके लिए वे अपने गृह राज्य के क्षेत्र जबलपुर का आभार मानते हैं। अगर 80 के चुनाव में वहां से शरद जी की जमानत नहीं जब्त हुई होती, तो उत्तर प्रदेश और बिहार को संसद में उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाने का सौभाग्य कैसे प्राप्त हुआ होता! यह तो देश का दुर्भाग्य है कि वह अब भी शरद जी को उतना ठीक से नहीं जान पाया है जितना ठीक से वे इस देश को जानते हैं, अन्यथा कभी का उन्हें देश का प्रधान मंत्री हो जाना चाहिए था। स्मृति इरानी नासमझ हैं, इसलिए वे शरद जी से उलझ रही हैं।