नाराजगी

अपनी सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे भाजपाई

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, धरने पर सरकार

भाजपा नेता के साथ हुई बीस लाख रुपये की लूट का है मामला

- भाजपा नेताओं ने लगाए पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे

मेरठ : भाजपा नेता के साथ बीस लाख की लूट के मामले के खुलासे को लेकर संयुक्त व्यापार संघ व भाजपा नेताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सिविल लाइन पुलिस बदमाशों से मिली हुई है। कई दिन बीतने के बाद भी भाजपा नेता के साथ हुई 20 लाख रुपये लूट की घटना का खुलासा नहीं हुआ।

क्या है मामला

शुक्रवार सुबह संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, मंत्री राजीव काले, कमल ठाकुर, पवन मित्तल, दलजीत सिंह चौधरी, गौरव शर्मा, विपुल सिंघल समेत काफी संख्या में व्यापारी नेता व भाजपा के नेता पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने सिविल लाइन पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगा दिए।

पुलिस से नाराजगी

उन्होंने कहा कि शहर में लूट व हत्याओं का ग्राफ बढ़ गया है। व्यापारियों के साथ सरेआम लूट व डकैती हो रही है। पुलिस घटनाओं का खुलासा नहीं कर रही है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की है कि भाजपा नेता अतुल दीक्षित के साथ हुई बीस लाख रुपये की लूट का खुलासा किया जाए। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि घटना का शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा।