सावधान

बरेली में फैल रहा नकली नोटों का कारोबार

आधी कीमत में नकली नोट की सप्लाई

-पुलिस ने सप्लायर के साथ महिला को कोर्ट में पेश किया

- एक बार नोट की डिलीवरी करने पर मिलते थे 500 रुपए

BAREILLY: बिथरी चैनपुर में 100 रुपए के 70 जाली नोट हाई क्वालिटी के नए नोट हैं। यह नोट बड़े पैमाने पर शहर में सप्लाई किए जा रहे हैं और इसमें महिला समेत कई लोग शामिल हैं। पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस बरेली में सप्लाई के लिए नोट लाने वाले की तलाश में जुट गई है। गिरफ्त में आए युवक ने एक बार में नोट सप्लाई करने पर 500 रुपए का कमीशन मिलने की बात कही है और नोट आधी कीमत में दिए जाते थे।

भाई-रिश्तेदार सब शामिल
पुलिस के मुताबिक रामगंगा चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार राजपाल पुत्र पूरनलाल निवासी सतीपुर बारादरी को पकड़ा था। उसकी तलाशी में 100 रुपए के 70 जाली नोट मिले थे। जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके साथ में उसका भाई मनोज भी शामिल है। मनोज पीलीभीत रोड पर कार बाजार चलाता है। वह कटरा चांद खां में गजक का ठेला लगाने वाले रिश्तेदार डबलू से नोट लेता था।

महिला की भूमिका अहम
राजपाल ने बताया कि वह सनराइज एंक्लेव निवासी अनीता मौर्या को नोट सप्लाई करता था। उसने दो बार नोट सप्लाई किए थे। अनीता की चंद्रपुर डोरिया में कॉस्टमेटिक शॉप है। उसका पति मोहनलाल मौर्या प्रॉपर्टी डीलर है। अनीता मार्केट में फुटकर में नोट चला देती थी। इससे पहले भी वह अनीता को10 हजार की नकली करेंसी पहुंचा चुका है। अनीता ने उसे 5 हजार के असली नोट दिए थे। जब पुलिस ने अनीता को पकड़ा तो कई नेताओं ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस को फोन भी किए।

असली की तरह दिखते नोट
जगपाल के पास से जो नोट पकड़े गए हैं, वह हाई क्वालिटी के हैं। इन्हें आसानी से कोई नहीं पहचान सकता है। नए नोट होने के चलते लोग पहचान भी नहीं करते हैं। पुलिस की माने तो नकली नोट नेपाल के रास्ते हैं। बरेली में भी पहले भी कई बार नकली नोट पकड़े जा चुके हैं।