- कार से पत्नी, बेटे संग लौट रहे थे गोरखपुर

- बेटे की हालत नाजुक, अयोध्या में एडमिट

GORAKHPUR: शहर के बड़े बिजनेसमैन जालान उत्सव के ओनर प्रेम जालान, उनकी पत्नी विद्या जालान की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई। उनका बेटा ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में एक अन्य बाइक सवार को भी जान गंवानी पड़ी। घटना सोमवार रात करीब आठ बजे बस्ती जिले में फोरलेन पर बबुरहवा में हुई। हादसे से शहर के बिजनेसमैन शोकाकुल हो गए। असमय प्रेम को खो देने पर गहरा दुख जताया।

लखनऊ से कार से आ रहे थे गोरखपुर

शाहपुर एरिया के बशारतपुर जैमिनी रेजीडेंसी अपार्टमेंट के 110 नंबर फ्लैट निवासी प्रेम जालान किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार को जयपुर गए थे। उनके साथ पत्नी विद्या और बेटे ऋषभ भी थे। सोमवार शाम फ्लाइट से वह लखनऊ पहुंचे। अपनी कार से गोरखपुर के लिए रवाना हुए। कार खुद प्रेम चला रहे थे। बस्ती जिले में छावनी एरिया के बबुरहवा में उनके कार के आगे एक बाइक सवार आ गया। तेज रफ्तार बाइक सवार ने सामने खड़े गिट्टी लदे ट्राला को नहीं देखा। उसके अचानक बे्रक लगाने पर प्रेम भी अपनी कार को कंट्रोल नहीं कर सके।

ट्राला में घुसी बेकाबू कार, उड़ गए परखच्चे

बाइक सवार को रौंदते हुए उनकी कार ट्राला में घुस गई। जोरदार टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। एक्सीडेंट में पति-पत्नी की मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय पहुंचे। कार में फंसे बेटे ऋषभ को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। उधर, एक्सीडेंट में बाइक सवार हरैया, सकरदहा निवासी रंजीत की भी जान चली गई। प्रेम के पास मिले आईडी कार्ड के आधार पर पहचान हुई। पुलिस की सूचना पर गोरखपुर से उनके जानने वाले बस्ती रवाना हो गए।