-नौबस्ता के लालपुर का मामला, हत्या के बाद खुद थाने जाकर किया सरेंडर

-ईट से दोनों के चेहरे पर किए अनगिनत वार, मरने तक वार करता रहा

KANPUR : नौबस्ता में शुक्रवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक युवक ने अधेड़ पिता को बहन के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो उसने दोनों मौत के घाट उतार दिया। उसने दोनों का इतनी बेरहमी से कत्ल किया कि उनकी खून से सनी लाश को देख इलाकाई लोगों की रूह कांप गई। उसने खुद थाने जाकर दोनों की हत्या करने के बारे में इंस्पेक्टर को बताया तो उसे सुनकर इंस्पेक्टर के होश उड़ गए। आनन फानन में वो आला अफसरों को जानकारी देकर आरोपी को घटना स्थल ले गए। तो वहां पर दोनों की खून से सनी लाश पड़ी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आपत्तिजनक हालत में देखा था

लालपुर में रहने वाला चंद्रवीर यादव (24) दादानगर में प्राइवेट जॉब करता है। उसके परिवार में पत्नी राधा, पिता चंद्रपाल (60), बहन कमलेशा (38) और तीन भाई अमर, राजवीर व धरमवीर थे। जिसमें अमर बिल्हौर और धरमवीर रनिया में परिवार समेत रहते हैं। यहां पर वो पिता, बहन और भाई के परिवार के साथ रहता है। करीब दस दिन पहले उसकी पत्नी राधा मायके गई थी, जबकि भाई पत्नी को लेने के लिए ससुराल गया था। घर पर चंद्रवीर उनके पिता और बहन थे। उसने कुछ दिनों पहले पिता और बहन को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, इसके बाद से वो तनाव में चल रहा था।

लाश के बगल में बैठा रहा

गुरुवार को चंद्रवीर ड्यूटी जाने के लिए तैयार हो रहा था कि दोबारा पिता और बहन को आपत्तिजनक हालत में देख उसका पारा चढ़ गया। वो गुस्से में घर के बाहर जाकर बैठ गया। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे चंद्रपाल बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकले तो वो ईंट उठाकर घर में घुस गया। उसने बहन कमलेशा को देखते ही उसे दबोच लिया और फिर इसके बाद ईंट से चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद वो उसकी लाश के बगल में बैठकर पिता चंद्रपाल का इंतजार करने लगा। जैसे ही चंद्रपाल गेट खोलकर अन्दर आए तो चंद्रवीर ने ईंट से उनके चेहरे पर वार कर उसकी भी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खद ही थाने जाकर बहन और पिता की हत्या करने के बारे में बताया, उसने पुलिस को मौके पर ले जाकर आलाकत्ल भी बरामद करवाया। सूचना पर एसएसपी ने भी वहां जाकर आरोपी से पूछताछ की।

------------------

पांच साल से थे अवैध संबंध

कमलेशा और उसके पिता के बीच पांच साल से अवैध संबंध थे। इसकी पुष्टि खुद कमलेशा ने भाई चंद्रवीर से की थी। चंद्रवीर ने उनके आपत्तिजनक हालत में देखकर विरोध जताया था। उसके पूछने पर कमलेशा ने बताया था कि उसके पांच साल से अवैध संबंध हैं। मां की मौत के वक्त वो घर पर थी। इसी दौरान पिता ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। चंद्रवीर के मुताबिक कमलेशा की दो शादी हो चुकी हैं, लेकिन उसकी दोनों पति से नहीं बनी। उसकी पहली शादी रसूलाबाद निवासी विनोद से हुई थी। छह महीने में कमलेशा का उससे तलाक हो गया। इसके बाद अकबरपुर निवासी युवक से शादी हुई थी, लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा दिन टिक नहीं पाया और कमलेशा उसे छोड़कर मायके आ गई। इसके बाद से वो मायके में रह रही थी।

---------------------

जब तक मरी नहीं, तब तक मारता रहा

चंद्रवीर पिता और बहन के घिनौने रिश्ते को जानकर दोनों से नफरत करने लगा था। उसको दोनों को मारने का बिल्कुल भी अफसोस नहीं है। उसने बताया कि वो दोनों को ईंट से तब तक मारता रहा जब तक उनकी जान नहीं निकल गई। उसके मुताबिक वो ईंट से दोनों के चेहरे पर लगातार वार करता रहा। उसे दोनों पर बिल्कुल भी दया नहीं आई।