- रास्ते की भूमि को लेकर चल रहा था विवाद

- खोराबार एरिया के धोबहा, छितौना का मामला

GORAKHPUR: भूमि विवाद को लेकर दबंगों ने महिला पर कहर ढाया। शुक्रवार की सुबह नेचुरल कॉल पर निकली महिला को दबंगों ने कमरे में बंद करके पीटा। महिला की बहू के शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई। महिला की शिकायत पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामला खोराबार थाना क्षेत्र के धोबहा, छितौना गांव का है।

नेचुरल कॉल पर निकली महिला

धोबहा छितौना गांव के मल्लू और सोनमन के बीच रास्ते की भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। मल्लू के दोनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। बड़े बेटे के साथ मल्लू गोंडा में रहता है। घर पर उसकी पत्‍‌नी गंगोत्री, बहू और नाती-पोते रहते हैं। आरोप है कि शुक्रवार की सुबह गंगोत्री नेचुरल कॉल पर जा रही थी। तभी भूमि विवाद को लेकर दबंगों ने उसको पकड़ लिया। कमरे में बंद करके उसकी पिटाई करने लगे। इसकी जानकारी किसी तरह से गंगोत्री की बहू को हुई। उसके शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई।

पुलिस ने निकाला कमरे से बाहर

महिला की बहू ने खोराबार पुलिस को सूचना दी। महिला को बंधक बनाकर पीटने की सूचना पुलिस पहुंच गई। कमरे में बंद घायल महिला को उपचार के लिए पुलिस ने खोराबार पीएचसी पर पहुंचाया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोसियों ने भूमि विवाद के चलते कहर ढाया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया। महिला ने कहा कि कुछ नेताओं की संगत होने से पड़ोसी दबंगई दिखाते हैं। रास्ते की भूमि को लेकर कई बार मारपीट हो चुकी है। दोनों पक्षों का मुकदमा भी चल रहा है।

मामले की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची थी। सिर में चोट लगने से घायल महिला को अस्पताल भेजा गया। महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

रामाशीष सिंह यादव, एसओ, खोराबार