- परेड में शामिल पुलिस कर्मचारी करेंगे क्रास बेल्ट यूज

- पब्लिक को भी मंच से सम्मानित करके बढ़ाएंगे मान

GORAKHPUR: जिले में गणतंत्र दिवस की परेड इस बार खास होगी। परेड में जहां महिला पीआरवी शामिल होंगी। वहीं, पुलिस की मदद में अच्छे कार्य करने वाले सिविलियंस भी सम्मानित किए जाएंगे। एसएसपी डॉ। सुनील गुप्ता ने बताया कि जनपद स्तर पर चयनित 10-10 पुलिस मित्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। पुलिस लाइंस में परेड की भव्यता के लिए पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जोर-शोर से जुटे हैं। शुक्रवार को रिपब्लिक डे की परेड का रिहर्सल भी किया गया।

करीब दो सौ साल पुरानी परंपरा से करेंगे परहेज

यूपी पुलिस में क्रास बेल्ट को लेकर बदलाव होने जा रहा है। करीब दो सौ साल से चली आ रही परपंरा का निर्वहन इस बार नहीं होगा। मंच से परेड की सलामी लेने वाले अधिकारी ही क्रास बेल्ट लगाएंगे। साथ ही परेड में शामिल कुछ पुलिस कर्मचारी जो तलवार रखेंगे। वह क्रास बेल्ट लगाएंगे। इस बेल्ट में तलवार रखने की जगह होती है। पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि करीब दो सौ साल पुरानी परपंरा है। पुलिस हेड क्वार्टर से जारी आदेश पर इसे खत्म किया जा रहा है। इसलिए मंच से सलामी लेने वाले अफसर ही क्रास बेल्ट पहनेंगे। इनके अलावा एडिशन एसपी, डिप्टी एसपी सहित अन्य अफसर क्रास बेल्ट नहीं पहनेंगे।

ये होगा खास

-पुलिस की महिला पीआरवी को भी परेड में शामिल किया जाएगा।

-2019 की पुलिस स्मारिका का विमोचन भी गणतंत्र दिवस पर होगा।

- पुलिस का सहयोग करने वाले सिविलियंस को भी सम्मानित किया जाएगा।

- जनपद स्तर पर सेलेक्ट 10-10 पुलिस मित्रों को भी मंच से सम्मानित किया जाएगा।

वर्जन

गणतंत्र दिवस की परेड में सभी लोग क्रास बेल्ट नहीं पहनेंगे। इसके लिए गाइडलाइन जारी की गई है। उसका अनुपालन किया जाएगा। परेड में महिला पीआरवी को शामिल किया जा रहा है। पुलिस के सहयोगी सिविलियन को भी सम्मानित किया जाएगा।

डॉ। सुनील गुप्ता, एसएसपी