रांची : हरमू रोड में सीएम के कारकेड के गुजरने के दौरान ट्रैफिक रोकने पर बवाल हो गया। एक वकील ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी जय भगवान सिंह के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट कर दी। इस आरोप में वकील को हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई से आक्रोशित वकीलों ने कोर्ट कैंपस स्थित न्यायायुक्त नवनीत कुमार के चैंबर के बाहर हंगामा किया। हस्तक्षेप की मांग करते हुए वकील को छुड़वाने का दबाव बनाया। सिविल कोर्ट परिसर में शाम करीब साढ़े छह बजे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस भी असमंजस में रही कि पुलिस से मारपीट के आरोपी वकील को छोड़ा जाए या जेल भेजा जाए। खबर लिखे जाने तक वकील को नहीं छोड़ा गया था।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह करीब 10.30 बजे हरमू रोड से सीएम का काफिला गुजरने वाला था। इस दौरान एक एंबुलेंस भी वहां से गुजर रही थी। उसी दौरान भारत माता चौक के समीप ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों को रोके हुए थे। इस बीच वहां से धुर्वा निवासी सिविल कोर्ट के वकील अमित कुमार तिवारी बाइक से सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसपर वहां तैनात ट्रैफिक जवान जय भगवान सिंह ने रोका। रोकने पर वकील पुलिसकर्मी से उलझ गए, हाथापाई हो गई। दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़ लिया। इस पर पुलिसकर्मियों ने वकील को पकड़कर सुखदेवनगर थाने को सौंप दिया। इसके बाद जवान जय भगवान सिंह ने मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने की एफआइआर दर्ज करवाई।

वकील का कराया मेडिकल

वकील की गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेजने की लगभग सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई थी। सुखदेवनगर थाने की पुलिस ने वकील का मेडिकल करवाया। मेडिकल करवाने के बाद गिरफ्तारी चालान भी भर लिया गया था। इसकी जानकारी होने पर सिविल कोर्ट के अन्य वकील जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया। इससे पहले कुछ अधिवक्ता जब सुखदेव नगर थाना पहुंचे तो देखा कि वकील को हाजत में रखा गया था। वकीलों के कहने पर बाहर रखा गया। उस समय पुलिस की ओर से कहा गया था कि वकील को शाम तक छोड़ दिया जाएगा। लेकिन नहीं छोड़ा गया।

एसएसपी से मिला पुलिस एसोसिएशन

वकीलों के हंगामे के बीच पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारियों ने भी पुलिसकर्मी से मारपीट के आरोपी को छोड़ने की पैरवी की। वरीय अधिकारी अधिनस्थ पुलिसकर्मियों को छोड़ने की बात कह रहे थे। इधर, पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी एसएसपी से मिले और आरोपी वकील को जेल भेजने की बात कही। कहा गया कि वकील को छोड़ने पर आंदोलन किया जाएगा।