GORAKHPUR: खोराबार एरिया के जंगल चवरी, अयोध्या प्रसाद टोला निवासी दिव्यांग उमेश यादव के अपहरण के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। दिव्यांग की भाभी और उसके एक रिश्तेदार के खिलाफ मर्डर की नीयत से अपहरण का आरोप लगा है। शुक्रवार की शाम कार सवारों ने उमेश का अपहरण कर लिया था। उनके भाई ने पुलिस को सूचना दी। दोनों पैरों से दिव्यांग उमेश की शादी नहीं हुई है। वह अपने छोटे भाई अशोक, उसकी पत्नी सुमन और मां के साथ रहते हैं। शुक्रवार की शाम वह घर के बाहर बैठे थे। तभी कार सवार तीन युवक आए। उमेश को जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। अशोक की सूचना पर पुलिस हरकत में आई। अशोक ने अपनी पत्नी और साले के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनके हिस्से की एक बीघा भूमि है। इसके लिए उसने नई बाजार से अपने भाई को बुलाकर उमेश का अपहरण करा दिया। अशोक की पत्नी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर सुनील राय ने बताया कि दो टीमों को लगाया गया है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।