RANCHI : बिरसा चौक स्थित माखन भोग रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स में लगी आग ने तिवारी कांप्लेक्स की दर्जनों दुकानों को जलाकर राख कर दिया है। दुकान में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। दुकान में रखा सिलेंडर आग की चपेट में आने से फट गया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। दुकान में सोए हुए रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आगजनी की घटना में करीब 1.10 करोड़ की संपत्ति जलकर राख हो गई है। घटना रविवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे की है।

दमकल भी हो रहे थे फेल

आगजनी की घटना के सवा घंटे बाद मामले की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्निशमन विभाग, डोरंडा से चार गाडि़यों को घटनास्थल पर भेजा गया। इसके बावजूद भी आग नही संभली, तो धुर्वा स्थित अग्निशमन केंद्र से तीन गाडि़यां मंगवाई गईं। घंटों मशक्कत करने के बाद अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाया। आगजनी की सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर, डोरंडा की पुलिस व पीसीआर की गाड़ी मौके पर पहुंची थी। इस मामले में मार्केटिंग कांप्लेक्स के दुकानदारों ने सामूहिक तौर पर जगन्नाथपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

बाल-बाल बचे डेढ़ दर्जन कर्मचारी (बॉक्स)

आगजनी की घटना में माखन भोग स्वीट्स के डेढ़ दर्जन कर्मचारी बाल-बाल बच गए। सबसे पहले कर्मचारी उदय ने धुंआ उठता देखा। इसके बाद उदय ने अन्य कर्मचारियोंको उठाया। सारे कर्मचारी बिना घबराए एक-एक कर दुकान के साइड वाले दरवाजे से निकलते गए। दुकान के सारे स्टाफ को उदय ने पहले निकाला, इसके बाद आगजनी की सूचना दुकान संचालक संजय कुमार सेनापती को दी, कुछ ही देर में संचालक घटनास्थल पर पहुंचे।

आगजनी में इन-इन दुकानों को हुआ है नुकसान

माखन भोग रेस्टोरेंट एवं स्वीट्स - 75 लाख

राजधानी शू प्लाजा - 10 लाख

आइकॉन ऑप्टिकल्स - 3.97 लाख

कूलफिल पार्लर - 5 लाख

अंकिता पार्लर - 62 हजार

यूनिक शॉल्यूशन - 1.50 लाख

सुभाष इलेक्ट्रिकल्स - 4 लाख

कृष्णा लेदर - 3.45 लाख

न्यू संजय गारमेंट्स - 1.40 लाख

प्रदीप इलेक्ट्रोनिक्स - 1.50 लाख

प्रमोद शॉप - 1.05 लाख

घोष ऑप्टिकल्स - 1.40 लाख

सोनू मोबाइल शॉप - 1.50 लाख

तिवारी कांम्पलेक्स ऑनर - 1.60 लाख