RUDRAPUR: दवा फैक्ट्री फाइन क्योर में विस्फोट के बाद फ्राइडे को भीषण आग लग गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। इस बीच एक युवती घायल हो गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग से फैक्ट्री में खड़ी कार व सात बाइक भी जल गई। फायर बिग्रेड के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कर्मियों के अनुसार फैक्ट्री में लगे ट्रांसफार्मर के पास रखे केमिकल के ड्रम में आग पकड़ने के बाद तेज धमाके हुए। इससे आग तेजी से फैली। प्रबंधन ने आग से हुए नुकसान के बारे में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। फैक्ट्री में आग से बचाव के लिए उपलब्ध संसाधन नाकाफी साबित हुए। आग लगने के बाद अग्निशमन यंत्र काम नहीं आ सके। यही कारण रहा कि कर्मियों के प्रयास के बाद भी आग तेजी से फैलती रही। फायर बिग्रेड के आने के बाद आग पर किसी तरह से काबू पाया जा सका।