-घटना संडे देर रात किला के लीचीबाग मोहल्ले में हुई

- दो घंटे में फायर बिग्रेड की बीस गाडि़यों ने आग पर पाया काबू

बरेली : किला क्षेत्र के लीची बाग की ट्रांसपोर्ट कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई। जिसमें लगभग एक करोड़ रुपए का माल जलकर खाक हो गया। आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने फौरन पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर बिगे्रड की बीस गाडि़यों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया । फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण नहीं पता चल सका है।

लपटें निकली तो पता चला

बारादरी थाना क्षेत्र शाहदाना वली निवासी आकांश सूरी उर्फ समीर ट्रांसपोर्टर है। उनकी लीची बाग में आरएसएल लोजिस्ट नाम से ट्रांसपोर्ट कंपनी है। संडे रात करीब आठ बजे वह ट्रांसपोर्ट कंपनी से अपने घर चले गए। रात करीब ढाई बजे आसपास के लोगों ने कंपनी के गोदाम से आग की लपटें निकलती देखीं तो पुलिस और फायर बिगे्रड के साथ ही आकांश को सूचना दी। आनन-फानन में वह मौके पर पहुंचे। अकांश ने बताया कि उसकी कंपनी के गोदाम में दुकानदारों का समान पैक पड़ा था। जोकि दिल्ली, हरियाणा जाना था। इसके अलावा कुछ व्यापारियों का समान आया हुआ था। आग से गोदाम में रखा माल जलकर राख हो गया। जानकारी होने पर फायर बिग्रेड के अधिकारी और किला पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची गई। फिलहाल भीषण आग में कोई जनहानि नहीं हुई है।

बीस गाडि़यों ने बुझाई आग

आग पर काबू पाने के लिए फायर बिग्रेड की बीस गाडि़यां मौके पर पहुंची। फिर दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं मौके पर मौजूद मोहम्मद यूसुफ ने बताया आग इतनी विकराल थी कि उसे काबू कर पाना मुश्किल था। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया तब तक लाखों रुपये का चावल जलकर राख हो गया।

केमिकल फैक्ट्री में लगी थी आग

बता दें कि सैटरडे देर रात रजऊ की कैमिकल फैक्ट्री में आग गई थी। आग लगने की सूचना पर फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे मजदूरों में हड़कम्प मच गया था। इस आग में फैक्ट्री में रखी लाखों मेंथा की दवा जलकर खाक हो गई थी। फायर बिग्रेड की तीन गाडि़यों ने फैलती आग पर काबू पाया था।

रात ढाई बजे आग लगने की सूचना मिली थी। फायर बिग्रेड की बीस गाडि़यां राहत कार्य में लगाई गई थी। आग लगने का कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

चंद्र मोहन शर्मा, सीएफओ