- गंभीर घायल को मेरठ कॉलेज के छात्रों ने कराया दयानंद अस्पताल भर्ती

- घायल अधेड़ इंडाना बार और पीएनबी बैंक में करता है नौकरी

Meerut: मेरठ में इन दिनों लॉ एंड आर्डर खतरे में है। शुक्रवार शाम लालकुर्ती थाना क्षेत्र के कैंट क्षेत्र में गार्ड पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर बंदूक लूट ली। जिसमें गार्ड को तीन गोली लगी। गोली लगने से गार्ड जमीन पर गिर पड़ा। बाइक सवार हमलावर सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गंभीर घायल गार्ड को मेरठ कॉलेज के छात्रों ने दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गार्ड की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दोनों शिफ्टों में ड्यूटी

भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव छिलोरा निवासी मनोज पुत्र सतवीर अपने परिवार का पेट पालने के लिए रात और दिन गार्ड की ड्यूटी करते हैं। दिन में सतवीर शास्त्रीनगर स्थित पीएनबी की शाखा पर और रात में कैंट क्षेत्र स्थित इंडाना बार में ड्यूटी करता है।

जा रहे थे बार

सतवीर पीएनबी की ड्यूटी खत्म करने के बाद श्याम को करीब साढे़ पांच बजे इंडाना बार जा रहे थे। उसके कंधे पर उनकी लाइसेंसी दो नाली बंदूक टंगी थी। माल रोड पर मुड़ते ही अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। जिसमें दो गोली उनके हाथ और एक पैर में लगी। गोली लगते ही सतवीर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े।

छात्रों ने कराया भर्ती

इसी बीच मेरठ कॉलेज के कुछ छात्र वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने खून से लथपथ सतवीर को उठाकर दयानंद अस्पताल में भर्ती करया। साथ ही उनके परिजनों को सूचना दी।

मची खलबली

गोली मार देने की खबर से पुलिस महकमें खलबली मच गई। अस्पताल में सतवीर को देखने एसपी सिटी ओपी सिंह कई थानों की पुलिस पहुंची। साथ ही बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस के बताए अनुसार लालकुर्ती पैंठ से हमलावरों की एक बाइक को बरामद किया गया है।

अभी मामले की जांच चल रही है। एक बाइक को बरामद भी किया गया है। जल्द ही घटना को वर्कआउट कर दिया जाएगा।

ओपी सिंह, एसपी सिटी