ranchi@inext.co.in
RANCHI: भाजपा रातू मंडल के महामंत्री देवेंद्र सिंह पर हुई गोलीबारी मामले में रांची पुलिस की जांच चल रही है। मामले में घायल भाजपा नेता देवेंद्र सिंह के बयान पर राकेश घांसी और भरत घांसी के खिलाफ पंडरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों सुंडिल के रहने वाले हैं। इनकी तलाश में पुलिस छापेमारी भी कर रही है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि देवेंद्र सिंह के साथ अपराधियों का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

पुरानी दुश्मनी में चली गोली
इधर, देवेंद्र ने पुलिस को बताया कि राकेश और भरत के साथ उसकी पुरानी दुश्मनी थी। हालांकि उसके साथ समझौता हो चुका था। रविवार रात घटनास्थल के पास राकेश और भरत मौजूद थे, वे उसे देख भी रहे थे। आशंका है कि दोनों ने पुरानी दुश्मनी के कारण शूटरों की मदद से उन पर गोलियां चलवाई हैं। उन्होंने बताया कि 12 साल पहले सुंडिल गांव निवासी राजू सिंह ने गोली चलाई थी। गोली उनके भतीजे विजय सिंह को लगी थी।

अपराधियों की हो चुकी है पहचान
मामले को लेकर रांची के सिटी एसपी अमन कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम प्रयास कर रही है। जल्द ही वे कानून के शिकंजे में होंगे।