छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: आजाद नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 1 में मकान का निर्माण करा रहे सिविल कंट्रैक्टर नसीम खान पर गुरुवार की दोपहर एक युवक ने गोली चला दी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार युवक मानगो करीम सिटी कॉलेज वाली रोड की तरफ भाग गए। घटना के पीछे नोंकझोंक का मामूली विवाद बताया जा रहा है। पिस्टल से चली गोली नसीम खान के दायें पैर में लगी है। गनीमत रही कि युवकों का निशाना चूक गया और नसीम की जान बच गई। एमजीएम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

डॉक्टर शुक्रवार को पैर का ऑपरेशन कर गोली निकालेंगे। पुलिस हमलावरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शमीम खान मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 14 बी के रहने वाले हैं। वो अपने चाचा लड्डन खान के मकान का निर्माण करा रहे थे। गीली मिट्टी सड़क पर बिखरी थी। जेसीबी लगवा कर नसीम और लड्डन गीली मिट्टी हटवा रहे थे। सड़क पर एक तरफ से रास्ता था जिधर से नसीम वाहन सवारों को धीरे धीरे निकाल रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और नसीम से उलझ गए।

दो युवकों से हुई थी नोंकझोंक

युवकों ने कहा कि उन्होंने यहां जेसीबी क्यों लगाई है। जेसीबी लगाना था तो रोड दोनों तरफ से ब्लॉक कर देते जिससे लोगों को पता चल जाता कि इधर नहीं आना है। इस पर नसीम खान ने उनसे कहा कि ये व्यस्त सड़क है। इधर स्कूल भी है। छात्रों और अभिभावकों का आना-जाना है। इसलिए उन्होंने सड़क ब्लॉक करना मुनासिब नहीं समझा। नसीम खान ने उनसे कहा कि बस पांच मिनट रुक जाओ जेसीबी हट जाएगी। लेकिन, बाइक सवार दोनों युवक सड़क के एक किनारे से निकल गए।

धमकी दी और पांच मिनट बाद मारी गोली

निकलते वक्त उनकी बाइक थोड़ा डगमगाई। इस पर पीछे बैठा 25-30 साल के युवक ने पीछे मुड़ कर नसीम को गुस्से में देखा और हाथ से देख लेने का इशारा किया। बताते हैं कि काम खत्म होने और मजदूरों के जाने के बाद नसीम खान मकान के सामने खड़े थे कि तभी दोनों युवक फिर आ धमके।

नसीम युवकों पर झपटे

इनमें से एक युवक बाइक स्टार्ट कर उस पर बैठा रहा और दूसरा युवक पिस्टल लेकर तेजी से नसीम खान के सामने आ कर खड़ा हो गया। नसीम ने पिस्टल देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आव देखा न ताव फौरन युवक को दबोचने के लिए आगे बढ़े। इसी पल युवक ने हड़बड़ी में गोली चला दी तो उसका निशाना चूक गया और गोली नसीम के दायें पैर में लगी है।

केसीसी की ओर भागे बदमाश

नसीम ने अपने जानने वालों को आवाज देकर युवकों को पकड़ने को कहा। इस पर दोनों बदमाश पिस्टल लहराते हुए मानगो करीम सिटी कॉलेज की तरफ बाइक से निकल भागे। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग बाहर निकले। तभी वहां गश्त कर रही पुलिस की जीप पहुंच गई। लोग नसीम खान को एमजीएम अस्पताल ले गए। वहां नसीम को नसीम को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है।

बाइक का पूरा नंबर नहीं पढ़ पाए नसीम

नसीम ने पुलिस को बताया कि गोली चलने के बाद उन्होंने बाइक का नंबर पढ़ने की कोशिश की। लेकिन वो पूरा नंबर नहीं पढ़ पाए। उन्होंने पुलिस को बताया कि बाइक का नंबर जेएच 05- 8114 है। 05 के आगे क्या वर्ड था ये नहीं देख पाए।

डीटीओ कार्यालय से पुलिस ने निकाला पता

नसीम ने बाइक का जो नंबर बताया था उससे पुलिस ने हमलावरों का सुराग लगाने की कोशिश की। आजाद नगर थाना प्रभारी खुद जिला परिवहन कार्यालय गए और वहां पता लगाया। थाना प्रभारी ने बताया कि जेएच 05- 1481 नाम की बाइक धारक का पता कपाली का है। पुलिस बाइक के नंबर के सहारे हमलावरों का पता लगा रही है।