JAMSHEDPUR: झारखंड सिख प्रतिनिधि बोर्ड के अध्यक्ष व झारखंड विकास मोर्चा के नेता गुरचरण सिंह बिल्ला (45 वर्ष)को शनिवार की सुबह तड़के लगभग 4.20 बजे सीतारामडेरा थाने से कुछ दूरी पर बदमाशों ने गोली मार दी। ताबड़तोड़ हुई तीन फायरिंग के बाद भी वह सड़क से भागकर बस्ती में घुस गये। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। गुरचरण सिंह को बिष्टुपुर के टाटा मेन हास्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। जहां एचडीयू में उनका इलाज चल रहा है। यह हादसा उस समय हुआ जब वो अपने सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाटा लाइंस स्थित घर से सीतारामडेरा गुरुद्वारा मत्था टेकने जा रहे थे। बताते चले कि गुरचरण सिंह बिल्ला रोज मार्निग वाक के लिए निकलते थे। वो सीतारामडेरा गुरुद्वारा पहुंच कर मत्था टेकते थे। रोज की तरह वो शनिवार की सुबह तकरीबन चार बजे घर से निकले और सीतारामडेरा गुरुद्वारा की तरफ पैदल चल पड़े। हरिजन स्कूल के सामने तीन बाइक सवार छह बदमशों ने बिल्ला को घेरकर गाली देना शुरू कर दिया। एक बदमाश ने पिस्टल निकाल कर गुरचरण सिंह पर तान दिया, लेकिन गोली चलाने से पहले बदमाशों के हाथ से पिस्टल गिर गई। इस बीच मौका पाकर गुरचरण सिंह बस्ती की ओर भागे। तभी पीछे से दो बदमाशों ने गोली चला दी। जिससे एक गोली गुरचरण सिंह की पीठ में और एक गोली उनके सिर के पिछले हिस्से में लगी। गोली चलाने के बाद बदमाश पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल गुरचरण सिंह बिल्ला को टीएमएच पहुंचाया। सूचना पाकर एसएसपी अनूप बिरथरे, सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। दोनों अधिकारी टीएमएच भी गए और गुरचरण सिंह की हालत देखी।

मुखे, बल्ली व अंबे समेत नौ पर एफआइआर

घटना में पुलिस ने गुरचरण सिंह बिल्ला की पत्‍‌नी गुरप्रीत कौर के आवेदन पर छह अज्ञात हमलावरों समेत सीजीपीसी के प्रधान उलीडीह के मुंशी मोहल्ला निवासी गुरमुख सिंह मुक्खे, बिष्टुपुर के रामदास भट्टा निवासी बलविंदर सिंह बल्ली और सिदगोड़ा इलाके के रहने वाले अमरजीत सिंह अंबे को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है।