फिरोजाबाद। गृह कलह के चलते एक युवक ने पहले पत्नी के ऊपर केरोसिन डालकर जला दिया फिर बाद में स्वयं को भी आग के हवाले कर दिया। वह जलता हुआ घर से निकला। यह देखकर सभी सन्न रह गए। परिजनों ने किसी तरह दोनों में लगी आग को बुझाया और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

आग लगाकर गली में दौड़ा युवक

थाना उत्तर के मोहल्ला टापाकलां मायापुरी निवासी दुर्गा शंकर पुत्र भारत सिंह ने गुरुवार को दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। उसने पत्नी सीमा पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। बाद में खुद को भी आग के हवाले कर दिया। आग की तपिश से वह चिल्लाता हुआ घर के बाहर निकल आया। वह गली में काफी दूर तक दौड़ता चला गया। आगे जाकर वह गिर पड़ा। लोगों ने उसके पीछे दौड़कर कपड़ों में लगी आग को बुझाया। कुछ लोगों ने घर जाकर देखा तो उसकी पत्नी भी गंभीर हालत में जली पड़ी थी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्य वहां आ गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों घायलों को उपचार को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। आग से सीमा की हालत गंभीर बताई गई है। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। सीमा के भाई की मानें तो शराब पीकर दुर्गाशंकर अक्सर मारपीट करता था।

पैसो को लेकर हुआ था विवाद

दुर्गाशंकर राज मिस्त्री है। उसके भाई राकेश की मानें तो वह दोपहर को खाना खाने आया था। उसी दौरान उसका पत्नी से पैसों को लेकर विवाद हो गया। काफी देर तक दोनों में झगड़ा होता रहा.गुस्से में दुर्गाशंकर ने केरोसिन पत्नी पर डाल दिया। बाद में खुद के ऊपर भी तेल डाला। उसने लाइटर से पहले पत्नी के कपड़ों में आग लगाई। बाद में खुद को जला लिया। युवक शराब का आदी बताया गया है। उसके दो बच्चे हैं। एक बेटा तथा एक बेटी है।