रामगढ़ : चुटूपालू घाटी फोरलेन पर बुधवार की शाम तीन अलग-अलग रोड एक्सीडेंट में नौ वाहनों में जबरदस्त भिडं़त हो गई। इससे ट्रैकर पर सवार पांच यात्रियों की मौत हो गई। वहीं, 20 से अधिक लोग घायल हो गए। एक ट्रैकर पर सवार चार यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य यात्री की मौत सदर अस्पताल में हो गई। 13 यात्रियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं, रांची से धनबाद जा रही एक स्विफ्ट कार में एक लड़की सहित तीन लोग बुरी तरह से दब गए। तीनों को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस घटनास्थल पर पड़े चार लोगों के शव कब्जे में कर सदर अस्पताल ले गई। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि अब तक किसी भी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। कुल पांच लोगों की मौत हुई है। सभी घायलों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले रांची से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर(एचआर79सी-7808) ने चुटूपालू घाटी के गंडके मोड़ के पास रांची की ओर से आ रहे यात्रियों से भरे एक ट्रैकर(जेएच01एफ-4055) को पीछे से धक्का मार दिया। इससे ट्रैकर पर सवार एक दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। इसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कुछ देर बाद ही एक माल लदा ट्रेलर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे घाटी में एक छोर पर जाम की स्थिति कायम हो गई। इसी बीच रांची की ओर से आ रहा एचपी का एलपीजी गैस टैंकर बेकाबू होकर रांची की ओर जा रहे एक यात्री ट्रेकर, एक गैस टैंकर, दो टेंपो, एक डस्टर कार व एक स्विफ्ट कार को चपेट में ले लिया। इससे रांची की ओर जा रहे ट्रैकर के चार यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रैकर पर सवार पांच-छह अन्य सवारी सहित दोनों कार व टेंपो पर सवार लोग घायल हो गए। घटना के बाद देर रात तक घाटी में जाम की स्थिति कायम रही।