दिल्ली से इलाहाबाद के लिए उड़ान भरने से पहले आयी टेक्निकल फाल्ट

बम्हरौली में फ्लाइट का इंतजार कर रहे यात्री हुए परेशान

ALLAHABAD: दिल्ली से इलाहाबाद के लिए उड़ान भरने जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एन वक्त पर टेक्निकल फाल्ट आ गयी। इससे फ्लाइट को कैंसिल करना पड़ा। सुबह इलाहाबाद पहुंच कर पचीस मिनट में वापस दिल्ली रवाना होने वाली इस फ्लाइट के कैंसिल हो जाने से बम्हरौली में फ्लाइट का इंतजार कर रहे यात्री पांच घंटे तक झेल गए। उन्हें दोपहर बाद की फ्लाइट से दिल्ली रवाना किया गया।

पैसेंजर्स करते रहे इंतजार

सप्ताह में तीन दिन एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली से इलाहाबाद के लिए उड़ान भर कर सुबह 9.25 पर बम्हरौली एयरपोर्ट पर लैंड करती है। यही फ्लाइट इलाहाबाद से पैसेंजर्स को लेकर 9:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाती है। लेकिन मंगलवार सुबह बम्हरौली पहुंचे पैसेंजर इस फ्लाइट का इंतजार करते रह गए। टेक्निकल प्रॉब्लम की वजह से यह फ्लाइट आयी ही नहीं। इसक पता चलते ही पैसेंजर्स को इंफार्म किया गया। फ्लाइट कैंसिल बताते हुए पैसेंजर्स से कहा गया कि चाहें तो दोपहर की फ्लाइट पकड़ सकते हैं या टिकट कैंसिल करा सकते हैं। चालीस पैसेंजर दोपहर की फ्लाइट से जाने के लिए तैयार हो गए। दोपहर ढाई बजे इलाहाबाद पहुंची दूसरी फ्लाइट में इन पैसेंजर्स को शिफ्ट कर तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। फ्लाइट में कुल 70 पैसेंजर्स थे।