इंट्रो- सूबे में विधानसभा चुनाव का आगाज हो चुका है। लिहाजा सियासी दलों की हलचल तेज हो गई हैं। शुक्रवार को शहर में बीजेपी के दो कद्दावर नेता थे.केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जहां महिलाओं को मोदी सरकार की उपलब्धियां समझाई। तो सांसद साक्षी महाराज ने विपक्षी दलों पर तंज कसा।

- भाजपा सत्ता में आई तो अपराधियों पर होगा प्रहार

-केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मेरठ में उड़ान कार्यक्रम के जरिए प्रदेश की महिलाओं से किया संवाद

-नोटबंदी को बताया ऐतिहासिक कदम, जबकि अखिलेश सरकार पर बोला हमला

Meerut: विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने महिलाओं से संवाद का हाईटेक रास्ता चुना। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की महिलाओं से सीधी वार्ता कर उन्हें भरोसा दिया कि सत्ता में आने पर भाजपा सरकार अपराधियों पर कड़ा प्रहार करेगी। महिला सुरक्षा एवं उनका रोजगार एजेंडे में सबसे ऊपर होगा। मोदी सरकार की योजनाओं का जमकर बखान किया। मुलायम परिवार में घमासान पर तंज कसा। अखिलेश सरकार को अपराधियों की सरकार बताया।

प्रदेश में अपराधियों की सरकार

केंद्रीय वस्त्र एवं हथकरघा मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को मेरठ में आयोजित उड़ान कार्यक्रम में पहुंची। इस कार्यक्रम का प्रसारण 403 विधानसभा क्षेत्रों में 75 कॉलेजों में एक साथ किया गया। 12 बजे से शुरू कार्यक्रम में स्मृति ईरानी नए तेवर के साथ महिलाओं से रूबरू हुई। 19 केंद्रों से महिलाओं ने पूछा कि भाजपा सत्ता में आने पर प्रदेश की कानून व्यवस्था, महिला अपराध पर अंकुश, रोजगार, स्वच्छता एवं शिक्षा को लेकर क्या करेगी।

महिलाओं ने पूछे सवाल

स्मृति ईरानी ने सभी प्रश्नों का विस्तार से जवाब देते हुए पार्टी का एजेंडा भी साफ किया। कहा कि भाजपा अपराधियों की कमर तोड़ देगी। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि जब इटावा में महिला पुलिस के साथ भी दु‌र्व्यवहार हो गया तो प्रदेश में महिलाएं कहां महफूज हैं। अखिलेश का पूरा ध्यान घरेलू झगड़े को सुलझाने पर है, जबकि जनता अकेली पड़ गई है।

शौचालय बनाने की अपील

वीडियो कांफ्रेंसिंग पर संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लालकिला से शौचालय बनवाने की अपील की। वर्षभर में सभी स्कूलों में शौचालय बनाने का न सिर्फ लक्ष्य दिया गया, बल्कि उस पर अमल भी कर दिखाया। कालेधन के प्रश्न पर कहा कि मोदी सरकार ने शपथ लेने के बाद एसआइटी का गठन कर दिया। रिश्वतखोरी एवं अपराध रोकने के लिए नोटबंदी की। किंतु मोदी पर आरोप लगाने वालों ने टू जी स्पेक्ट्रम, कामनवेल्थ एवं कोयला समेत दर्जनों प्रकार का घोटाला किया। कहा कि अखिलेश सरकार ने युवाओं को रोजगार का ख्वाब दिखाया, किंतु भर्ती में पैसे नहीं मिले तो नौकरियों में अड़ंगा लगा दिया गया।

कानून व्यवस्था पर प्रहार

मोदी सरकार ने डेढ़ करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत बड़ा तोहफा दिया है। यूपी में कानून व्यवस्था पर प्रहार करते हुए उन्होंने महिलाओं से पुलिस का रिस्पांस टाइम पूछा। फरुखाबाद की महिला के प्रश्न पर कहा कि मोदी सरकार ने बेटी बचाओ एवं बेटी पढ़ाओ मुहिम से महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। मोदी ने बैंकों से कहा है कि अब महिलाएं जेवर नहीं रखेंगी, और उन्हें तत्काल कर्ज देना होगा। दावा किया कि 99 फीसद महिलाएं कर्ज चुका देती हैं। मोदी ने विभिन्न योजनाओं का पैसा सीधा खाते में भेजकर 36 हजार करोड़ रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने से बचा लिया। नोटबंदी को सफल बताते हुए कहा कि इसके बाद स्थानीय निकायों ने 240 फीसद ज्यादा टैक्स जमा किया। सृष्टि ने स्मृति ईरानी से प्रदेश में उल्टी गंगा बहने के बारे में पूछा तो केंद्रीय मंत्री ने इसे भयावह बताया। कहा कि उल्टी गंगा बहना प्रलय की निशानी है, किंतु अब नमामि गंगे का आगाज कर मोदी ने विकास की गंगा बहाने की उम्मीद जगा दी है। उन्होंने मोदी सरकार की कई और योजनाएं गिनवाई।