लखनऊ-पटना के बाद शनिवार को इलाहाबाद से नागपुर व इंदौर के लिए फ्लाइट सेवा शुरू
पहले दिन 258 पैसेंजर ने भरी उड़ान, दिखा जबर्दस्त उत्साह
ALLAHABAD: ट्रेन से इलाहाबाद से नागपुर जाना हो या इंदौर कभी राइट टाइम नहीं पहुंच सकते। 16 से 18 घंटे की निर्धारित जर्नी 20 से 25 घंटे में तय होती है। वहीं जेट एयरवेज की फ्लाइट पैसेंजर्स को निर्धारित समय से भी पहले ही इलाहाबाद ले आई। शनिवार को नागपुर और इंदौर की फ्लाइट निर्धारित समय से क्रमश: 30 मिनट और 20 मिनट पहले आ गई। पहले दिन फ्लाइट में कुल 258 पैसेंजर्स ने सफर किया।
पहले आई और समय पर गई
जेट एयरवेज ने 9 डब्ल्यू 3553 नागपुर से इलाहाबाद फ्लाइट का समय सुबह 9.45 बजे निर्धारित किया है। इसे 11.50 पर इलाहाबाद पहुंचना है। शनिवार को फ्लाइट 11.20 पर ही इलाहाबाद पहुंच गई। इलाहाबाद से इंदौर की फ्लाइट निर्धारित समय 12.30 पर यहां से उड़ी।
इंदौर से इलाहाबाद आने वाली फ्लाइट फ्लाइट 9 डब्ल्यू 3551 ने दोपहर 3.10 बजे उड़ान भरी और शेड्यूल से 20 मिनट पहले 05.05 पर ही इलाहाबाद पहुंच गई। फ्लाइट 9 डब्ल्यू 3554 को शाम 5.50 पर इलाहाबाद से नागपुर के लिए उड़ान भरना था, लेकिन बीफोर पहुंचने के कारण फ्लाइट को निर्धारित समय से 20 मिनट पहले 5.30 पर ही डिपार्चर किया गया।
पहले दिन बुक हुए टिकट
नागपुर से इलाहाबाद- 57 टिकट
इलाहाबाद से इंदौर- 63 टिकट
इंदौर से इलाहाबाद- 69 टिकट
इलाहाबाद से नागपुर- 69 टिकट
सरकार के उड़ान योजना की जितनी तारीफ की जाए कम है। अभी तक नागपुर जाने और वहां से आने के लिए सोचना पड़ता था। लेकिन अब नागपुर जाना और आना आसान हो गया है।
अमित साहू, इलाहाबाद
बिजनेस के सिलसिले में अक्सर नागपुर आना-जाना होता था। दो दिन तो केवल सफर में बीत जाता था। अब दो दिन में आने-जाने के साथ ही अपना काम भी किया जा सकता है।
अनिल सिंह, इलाहाबाद
इलाहाबाद के व्यापारियों से मिलने आने में काफी दिक्कत होती थी। ट्रेन घंटों लेट रहती थी। अब आसानी से आना-जाना हो सकता है।
एमआर कदम, नागपुर
एयर कनेक्टिविटी का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। जेट एयरवेज के फ्लाइट की 80 परसेंट से अधिक सीट फुल जा रही है। पैसेंजर्स को कोई दिक्कत न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
सुनील यादव
डायरेक्टर, इलाहाबाद एयरपोर्ट