--चारा घोटाला में पूर्व मुख्य सचिव की हुई गवाही

रांची : चारा घोटाला मामले की सुनवाई के क्रम में गुरुवार को पूर्व मुख्य सचिव सह वित्त विभाग के आयुक्त व सचिव रहे वीएस दुबे की गवाही हुई। इन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग के अतिरिक्त खर्च की जानकारी लेने जांच टीम को विभिन्न जिलों में भेजा गया तो पता चला की काफी हेराफेरी की गई है। टीम को जांच कर बताने का निर्देश दिया गया था कि किस यूनिट में कितनी राशि का खर्च हुआ है। इससे संबंधित वाउचर को भी सीज करने को कहा गया था। जांच टीम चाईबासा, जमशेदपुर, गुमला, भागलपुर, रांची, दुमका, गुमला आदि जिलों में गई तो भारी गोलमाल का खुलासा हुआ। टीम के चाईबासा पहुंचने पर भगदड़ मच गई थी। एक व्यक्ति ब्रीफकेस छोड़कर भाग रहा था। उससे 30 लाख रुपये जब्त हुए थे। पशुपालन विभाग के आलमीरा से सोना-चांदी व नकद राशि मिल रहे थे। भूसे से बोरी में भरे नोट मिले थे। साथ ही कुछ कर्मचारी बैंक से पैसा निकालकर रांची की ओर भाग रहे थे। इसकी जानकारी रांची के तत्कालीन जिलाधिकारी को दी गई, उन्होंने जब गस्ती लगाई तो फर्जीवाड़ा करने वाले ओडि़सा की ओर भाग निकले।

-----

दो मामले में पेश हुए लालू

चारा घोटाले के दो मामलों में लालू प्रसाद सीबीआइ के दो विशेष कोर्ट में पेश हुए। उनके साथ पूर्व सांसद डॉ। आरके राणा, पीएसी के पूर्व अध्यक्ष जगदीश शर्मा सहित अन्य आरोपी शामिल थे। दुमका कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित चारा घोटाला कांड संख्या आरसी 38ए/96 में लालू सहित अन्य आरोपियों की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में हुई। इसके अलावा डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित चारा घोटाला कांड संख्या आरसी 47ए/96 में लालू व अन्य आरोपी सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में हुई। जिसमें गवाही दर्ज की गई। सुनवाई शुक्रवार को भी होगी।

---